रूस में प्लेग के बीच गोवा पहुंच रहीं चार्टर फ्लाइट्स, भर-भरकर आ रहे पर्यटक; बढ़ गई टेंशन

लाइव हिन्दुस्तान, पणजी
share

रूस के इरकुत्स्क में लैब कर्मचारी की मौत और करीब 200 लोगों के क्वारंटीन के बाद गोवा में चिंता बढ़ी है। विपक्ष ने रूस से आने वाले पर्यटकों की एहतियाती हेल्थ स्क्रीनिंग की मांग की। गोवा सरकार ने क्या कहा?

रूस में लैब कर्मचारी की मौत से बढ़ी चिंता, गोवा सरकार से रूसी पर्यटकों की जांच की मांग
रूस में लैब कर्मचारी की मौत से बढ़ी चिंता, गोवा सरकार से रूसी पर्यटकों की जांच की मांग (फाइल फोटो)

रूस के इरकुत्स्क क्षेत्र में 28 साल की एक लैब कर्मचारी की मौत के बाद संभावित न्यूमोनिक प्लेग को लेकर स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। इसका असर भारत के गोवा में भी देखने को मिल रहा है, जहां बड़ी संख्या में रूसी पर्यटक पहुंचते हैं। गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता ने रूस से आने वाले सभी पर्यटकों की एहतियाती स्वास्थ्य जांच कराने की मांग की है। गोवा में पर्यटन सीजन भी शुरू हो चुका है। पिछले सप्ताह रूस के येकातेरिनबर्ग से पहली चार्टर फ्लाइट गोवा पहुंची थी, जिसमें 162 यात्री सवार थे।

रूस में लैब कर्मचारी की मौत के बाद बढ़ी चिंता

इरकुत्स्क स्थित साइबेरिया और सुदूर पूर्व के एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट में काम करने वाली एक महिला की पिछले सप्ताह मौत हो गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उसके संपर्क में आए करीब 200 लोगों को क्वारंटीन किया गया है।

हालांकि, रूसी अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत 2 अक्टूबर को ऐसे निमोनिया से हुई, जिसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि महामारी फैलने का कोई खतरा नहीं है।

गोवा में रूसी पर्यटकों की स्क्रीनिंग की मांग

गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता यूरी अलेमाओ ने बुधवार को कहा कि रूस से आने वाले पर्यटकों के लिए सरकार को तुरंत एहतियाती स्वास्थ्य जांच शुरू करनी चाहिए। अलेमाओ ने कहा कि रूस से गोवा के लिए नियमित चार्टर उड़ानें चल रही हैं, इसलिए सरकार इस मामले में लापरवाही नहीं बरत सकती।

उन्होंने कहा कि रूस से आने वाले यात्रियों की निगरानी केंद्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर की जानी चाहिए। उनका कहना है कि गोवा के लिए पर्यटन महत्वपूर्ण है, लेकिन राज्य के लोगों का स्वास्थ्य और सुरक्षा सबसे पहले है।

WHO ने भी रूस से मांगी जानकारी

यह मांग ऐसे समय पर आई है जब विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी रूस से इस मौत के बारे में और जानकारी मांगी है। WHO ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य नियमों के तहत समय पर, पूरी और पारदर्शी जानकारी साझा करना जरूरी है, ताकि अलग-अलग रिपोर्टों के बीच स्थिति स्पष्ट हो सके और सार्वजनिक स्वास्थ्य के संभावित जोखिमों का सही आकलन किया जा सके।

गोवा सरकार ने कहा- अभी कोई एडवाइजरी नहीं मिली

गोवा सरकार के पर्यटन निदेशक केदार नाइक ने कहा कि विभाग को इस मामले में WHO या किसी अन्य स्वास्थ्य संगठन की ओर से अभी तक कोई एडवाइजरी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पर्यटन सीजन ठीक चल रहा है और गोवा में पर्यटकों का स्वागत किया जा रहा है। उनके मुताबिक, जब तक WHO या किसी अन्य संगठन की ओर से कोई एडवाइजरी नहीं आती, तब तक चिंता की कोई वजह नहीं है। नाइक ने कहा कि अगर स्वास्थ्य नियामकों की ओर से कोई एडवाइजरी जारी की जाती है तो सरकार उस पर विचार करेगी और उसके अनुसार जरूरी कदम उठाएगी।

गोवा पहुंच रहे रूस से पर्यटक

गोवा में पर्यटन सीजन आधिकारिक तौर पर पिछले सप्ताह शुरू हुआ। रूस के येकातेरिनबर्ग से पहली चार्टर फ्लाइट 162 यात्रियों को लेकर गोवा पहुंची थी। इसके बाद 4 अक्टूबर को मॉस्को से 285 यात्रियों वाली एक और चार्टर फ्लाइट गोवा पहुंची। गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे ने 30 सितंबर को रूस से पहली चार्टर फ्लाइट के पहुंचने के बाद कहा था कि पर्यटन विभाग रूस और ब्रिटेन जैसे पारंपरिक बाजारों को मजबूत करने के साथ-साथ गोवा की अंतरराष्ट्रीय पहुंच बढ़ाने पर भी ध्यान दे रहा है।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsरूस में प्लेग के बीच गोवा पहुंच रहीं चार्टर फ्लाइट्स, भर-भरकर आ रहे पर्यटक