आपने जो किया, वो गलत है; जाइए, मां के चरणों में गिरकर माफी मांगिए... फरियादी पर ही भड़के मीलॉर्ड!

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मामले में माता-पिता का आरोप था कि बेटे और बहू ने जाली दस्तावेजों के आधार पर उनकी संपत्ति पर मालिकाना हक का दावा किया। इसे देखते हुए, माता-पिता ने अखबार में एक सार्वजनिक सूचना प्रकाशित करवाई और बेटे-बहू से अपने सारे रिश्ते तोड़ लिए।

Supreme Court
इस मामले में संपत्ति के अकेले मालिक याचिकाकर्ता की मां और पिता हैं। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

सुप्रीम कोर्ट में आज (बुधवार, 9 सितंबर को) जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एनके सिंह की बेंच के सामने एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जहां पीठ ने संपत्ति विवाद के एक मामले में याचिकाकर्ता को अपनी मां के पैर में गिरकर अपने गुनाहों के लिए माफी मांगने की सलाह दी। मां-बेटे के बीच प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद की सुनवाई करते हुए जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा ने बेटे को हिंदू धर्म में मां के महत्व की याद दिलाई। उन्होंने ज़ुबानी तौर पर उस बेटे से कहा कि वह अपनी मां से माफी मांगे और उनसे क्षमा याचना करे।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में संपत्ति के अकेले मालिक याचिकाकर्ता की मां और पिता हैं। प्यार-मोहब्बत में उन्होंने बेटे और बहू को बिना किसी किराए के लाइसेंसधारी के तौर पर अपने मकान की पहली मंजिल पर रहने की इजाजत दी थी लेकिन आरोप है कि बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर माता-पिता को परेशान करना शुरू कर दिया और विवाद वाली प्रॉपर्टी को अपने नाम करवाने के लिए उन पर दबाव डाला।

SC ने खारिज कर दी बेटे की याचिका

जब माता-पिता यानी संपत्ति के मालिक ने अदालत का रुख किया तो ट्रायल कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया और बेटे को संपत्ति से बेदकळ करने का आदेश दिया। इसके खिलाफ बेटे ने अब सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। उसी मामले की सुनवाई जस्टिस शर्मा और जस्टिस NK सिंह की बेंच कर रही थी। सुनवाई के बाद मामले को खारिज करते हुए जस्टिस शर्मा ने ज़ुबानी तौर पर कहा, "आपको जाकर अपनी मां के पैरों में गिरकर माफी मांगनी चाहिए। उनसे अपने सभी गुनाहों के लिए माफी मांगिए।"

'पैरों में गिरकर उनसे माफी मांगिए'

इसके बाद जस्टिस शर्मा ने कोर्ट में मौजूद वकीलों से कहा: “...क्या बेटे ने जो किया वह काम गलत नहीं है? हम बेटे से कह रहे हैं कि वह मां के पास वापस जाए, उनके पैर छुए, उनकी भावनाओं को समझे, और पैरों में गिरकर उनसे माफी मांगे और उनका आशीर्वाद ले।”

क्या है पूरा मामला? बेटे पर क्या आरोप?

इस मामले में माता-पिता का आरोप था कि बेटे और बहू ने जाली दस्तावेजों के आधार पर उनकी संपत्ति पर मालिकाना हक का दावा किया। इसे देखते हुए, माता-पिता ने अखबार में एक सार्वजनिक सूचना प्रकाशित करवाई और बेटे-बहू से अपने सारे रिश्ते तोड़ लिए। उन्होंने बेटे के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई और बेटे-बहू को नोटिस भेजकर अपने घर में रहने देने वाला लाइसेंस भी रद्द कर दिया, साथ ही उन्हें प्रॉपर्टी खाली करने का निर्देश भी दिया। इसके बाद माता-पिता ने कब्ज़े, स्थायी रोक और नुकसान की भरपाई के लिए मुकदमा दायर किया।

माता-पिता ही प्रॉपर्टी के अकेले मालिक

मामले की सुनवाई के दौरान ट्रायल कोर्ट ने माना कि माता-पिता ही प्रॉपर्टी के अकेले मालिक हैं और बेटा-बहू केवल लाइसेंसधारी थे, जिनका लाइसेंस सही तरीके से रद्द किया जा चुका है। इसलिए, वे प्रॉपर्टी की पहली मंजिल का कब्जा छोड़ने के लिए बाध्य हैं। दिल्ली हाई कोर्ट ने बाद में 17 अप्रैल को इस आदेश को बरकरार रखा। इसके खिलाफ बेटे ने सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पिटिशन (SLP) दायर की थी, जिसे कोर्ट ने आज खारिज कर दिया।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsआपने जो किया, वो गलत; जाइए, मां के चरणों में गिर माफी मांगिए… क्यों बोले SC जज