
छी,छी... आतंकवाद पर चिंदबरम के बयान से भड़के गिरिराज सिंह, पूर्व PM मनमोहन सिंह को भी लपेटा
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आतंकी हमलों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चिंदबरम को उनके बयान के लिए जमकर सुनाया है। उन्होंने पूर्व गृहमंत्री पर आतंकवादियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट ने देश को सकते में डाल दिया है। धमाके के बाद आतंकवाद को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री चिदंबरम सरकार को घेरते हुए कहा कि देश के भीतर आतंकवादी पनप रहे हैं और सरकार को चुप है। पूर्व गृहमंत्री एक इस बयान को आड़े हाथों लेते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरुवार को उन पर आतंकवादियों के पक्ष में बोलने का आरोप लगाया।

चिदंबरम के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने चिदंबरम पर आतंकवादियों के समर्थन में बोलने का आरोप लगाया। पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "वह (चिदंबरम) आतंकवादियों का समर्थन कर रहे हैं। 'छी, छी'। आपने (चिदंबरम ने) सारी हदें पार कर दी हैं। आपने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का धर्म भी छीन लिया। आप आतंकवादी यासीन मलिक को उनके साथ बिठाने के लिए लाए।’’
वरिष्ठ भाजपा नेता ने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि देश इस सबसे पुरानी पार्टी की तुष्टिकरण की राजनीति के कारण देश आज आतंकवाद की समस्या का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आपको (चिदंबरम) याद रखना चाहिए कि नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक, यह आपका ही योगदान है। यह तुष्टिकरण का नतीजा है।’’
आतंक के खिलाफ लड़ाई में केवल दो पक्ष: भाजपा
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के अलावा भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली ने भी चिदंबरम के बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चिदंबरम आतंकी घटना पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान और ‘‘आतंकवादियों को पीड़ित दिखाने’’ की कोशिशें असल में उन लोगों के साथ अन्याय करती हैं जिन्होंने आतंकवाद का दंश झेला है, जैसा कि दिल्ली बम विस्फोट मामले में हुआ। कोहली ने कहा, ‘‘इसलिए, ये विमर्श बदलने या राजनीति पर आधारित विमर्श गढ़ने के बहाने हैं। हमें इससे बचना चाहिए। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में केवल दो पक्ष हैं - ‘‘जो आतंकवाद के साथ हैं और जो आतंकवाद के खिलाफ हैं। इसमें बीच का कोई रास्ता नहीं है।’’
क्या कहा था चिदंबरम ने?
दिल्ली में हुए आतंकी हमले के बाद पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश के अंदर आतंकवादी पनप रहे हैं और सरकार इस पर चुप है। चिंदबरम ने एक्स पर किए पोस्ट में दिल्ली विस्फोट का जिक्र नहीं किया, लेकिन यह सवाल उठाया था कि आखिर किन परिस्थितियों में भारत के नागरिक आतंकवादी बन रहे हैं।
चिदंबरम ने अपनी पोस्ट में कहा, "पहलगाम आतंकी हमले से पहले और बाद में भी मैंने यही कहा है कि आतंकवादी दो तरह के होते हैं - विदेश में प्रशिक्षित घुसपैठिए आतंकवादी और देश के भीतर पनपे आतंकवादी। मैंने संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान भी यही कहा था। देश के भीतर पनपे आतंकवादियों के संदर्भ में मेरा मजाक उड़ाया गया और मुझे ट्रोल किया गया।"
चिदंबरम ने कहा, "हालांकि, मुझे यह कहना होगा कि सरकार ने इस पर चुप्पी साध रखी क्योंकि सरकार जानती है कि देश के भीतर भी आतंकवादी पनपे हैं। इस ट्वीट का मकसद यह है कि हमें खुद से पूछना चाहिए कि ऐसी कौन सी परिस्थितियां हैं जो भारतीय नागरिकों,यहां तक कि शिक्षित लोगों को भी आतंकवादी बना देती हैं।’’



