यह फोटो कहां की है और आपके साथ कौन लोग हैं? गिरिराज सिंह का राहुल गांधी से सवाल
कांग्रेस की ओर से जवाब देते हुए पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने गिरिराज सिंह पर तीखा हमला बोला। श्रीनेत उनकी पोस्ट को शेयर करते हुए कहा कि तस्वीर में दिखाई दे रही महिला और बच्चा राहुल गांधी के मित्र की पत्नी और उनका बच्चा हैं।

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक तस्वीर शेयर की है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया है। मामला उस तस्वीर से जुड़ा है, जिसमें राहुल गांधी नाव में एक महिला और बच्चे के साथ नजर आ रहे हैं। गिरिराज सिंह ने इस फोटो को एक्स पर शेयर करते हुए सवाल किया, 'यह तस्वीर कहां की है, कब की है और राहुल गांधी के साथ दिखाई दे रहे लोग कौन हैं।' उनकी इस पोस्ट के बाद तस्वीर को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई और कांग्रेस ने बीजेपी नेता के सवाल पर तीखा पलटवार किया।
कांग्रेस की ओर से जवाब देते हुए पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने गिरिराज सिंह पर तीखा हमला बोला। श्रीनेत उनकी पोस्ट को शेयर करते हुए कहा कि तस्वीर में दिखाई दे रही महिला और बच्चा राहुल गांधी के मित्र की पत्नी और उनका बच्चा हैं। राहुल गांधी अपने मित्र के परिवार के साथ छुट्टी पर थे और फोटो उसी दौरान ली गई थी। श्रीनेत ने लिखा, 'आप लीचड़ किस्म के आदमी हैं, जो महिला-पुरुष को साथ देखकर घटिया ही सोच सकते हैं। तस्वीर में जो महिला और बच्चा हैं वह राहुल जी के मित्र की पत्नी और बच्चा हैं। मित्र फोटो में नहीं हैं, छुट्टी पर सपरिवार साथ थे। महिलाएं आप जैसे लिजलिजों के साथ सहज नहीं हैं। कुंठित मत होइए।'
कांग्रेस का गिरिराज सिंह पर पलटवार
इस पूरे विवाद में कांग्रेस का कहना है कि तस्वीर को लेकर बिना पूरी जानकारी के सवाल उठाना गलत है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि तस्वीर में नजर आ रही महिला का राहुल गांधी से कोई संदिग्ध संबंध नहीं है, बल्कि वह उनके मित्र की पत्नी हैं और बच्चा भी उसी परिवार का हिस्सा है। कांग्रेस के मुताबिक, राहुल गांधी छुट्टी के दौरान अपने मित्र के परिवार के साथ मौजूद थे। वहीं, गिरिराज सिंह की ओर से इस मामले में सवाल पूछे जाने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी। यूजर्स ने तंज कसते हुए कहा कि अगर तस्वीर को लेकर कोई संदेह है तो सरकार के पास मौजूद जांच एजेंसियों के जरिए इसकी जानकारी हासिल की जा सकती है।


