Hindi NewsIndia NewsGaurav family owns bank accounts in Pakistan says Assam CM Himanta Biswa Sarma
पाकिस्तानी बैंक में हैं गौरव गोगोई के परिवार के खाते, हिमंता बिस्वा सरमा का कांग्रेस नेता पर बड़ा हमला

पाकिस्तानी बैंक में हैं गौरव गोगोई के परिवार के खाते, हिमंता बिस्वा सरमा का कांग्रेस नेता पर बड़ा हमला

संक्षेप:

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई पर फिर हमला बोला है। अपने ताजा बयान में हिमंता ने आरोप लगाया है कि गौरव के परिवार के पाकिस्तान में ‘संचालित’ बैंक में खाते हैं।

Feb 05, 2026 09:45 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, गुवाहाटी
share Share
Follow Us on

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई पर फिर हमला बोला है। अपने ताजा बयान में हिमंता ने आरोप लगाया है कि गौरव के परिवार के पाकिस्तान में ‘संचालित’ बैंक में खाते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम से इतर शर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए यह भी आरोप लगाया कि राज्य कांग्रेस मुख्यालय ‘राजीव भवन’ ‘असमिया विरोधी गतिविधियों’ का अड्डा बन गया है। इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

ऐसा व्यक्ति कितना खतरनाक
सरमा ने पत्रकारों से कहा कि गौरव गोगोई से पूछिए कि उनके परिवार के पाकिस्तानी बैंकों में कितने खाते हैं। उनके परिवार के बैंक खाते अब भी पाकिस्तान में चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे फिलहाल केवल संकेत दे रहे हैं, जबकि विस्तृत जानकारी आठ फरवरी को एक पत्रकार वार्ता के दौरान साझा की जाएगी। असम के सीएम ने कहा कि जिसका बैंक खाता पाकिस्तान में हो, जरा सोचिए कि ऐसा व्यक्ति कितना खतरनाक हो सकता है।

पत्नी के आईएसआई से संबंधों पर हमला
असम के मुख्यमंत्री और भाजपा ने लोकसभा सांसद गोगोई पर उनकी पत्नी के पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई से कथित संबंधों को लेकर हमला बोला। उनका यह भी दावा है कि कांग्रेस नेता के पड़ोसी देश से सीधे तौर पर संबंध हैं। उन्होंने 27 जनवरी को कहा था कि राज्य मंत्रिमंडल गोगोई के पाकिस्तान से कथित संबंधों की जांच रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई के संबंध में औपचारिक निर्णय सात फरवरी को लेगा। विशेष जांच दल (एसआईटी) की अधिकतर रिपोर्ट सार्वजनिक करने के लिए आठ फरवरी को सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर एक पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी।

गौरव गोगोई के आरोपों पर क्या बोले
गोगोई द्वारा बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में सरमा के परिवार के राज्य भर में लगभग 3,960 एकड़ से अधिक जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाए जाने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मीडिया को संबोधित करने वाले सभी लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। उन्होंने बुधवार को भी एक्स पर लिखा था कि मेरे बारे में दिए गए झूठे, मनगढ़ंत और मानहानिकारक बयानों के लिए नौ फरवरी को जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल, गौरव गोगोई और देबब्रत सैकिया के खिलाफ दीवानी और फौजदारी मानहानि कार्यवाही शुरू करुंगा।

गौरव गोगोई ने क्या कहा था
इससे पहले बुधवार को कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनके परिवार ने पूरे राज्य में लगभग 12,000 बीघा (3,960 एकड़ से अधिक) जमीन पर कब्जा किया हुआ है। गोगोई ने एक प्रेस कांफ्रेंस में यह भी दावा किया कि सरमा ने इसी भूमि घोटाले को छिपाने के लिए उनके (गोगोई के) कथित पाकिस्तानी संबंधों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि यह आंकड़ा अंतिम नहीं है, क्योंकि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में यह बढ़ सकता है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra
दीपक मिश्र मीडिया इंडस्ट्री में करीब 17 साल का अनुभव रखते हैं। खेल, सिनेमा और राजनीति पर प्रमुखता से काम किया है। खासतौर पर खेल की खबरों से जुनून की हद तक मोहब्बत है। 2011 में क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2014 में फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप प्रमुखता से कवर कर चुके हैं। फोटोग्राफी और मोबाइल वीडियो स्टोरी के साथ-साथ पॉडकास्ट में विशेष रुचि रखते हैं। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ काम करते हुए कई वीडियो स्टोरीज पर काम किया। इसी दौरान आईपीएल पर पॉडकास्ट के साथ एक अन्य पॉडकास्ट ‘शहर का किस्सा’ भी कर चुके हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद आज अखबार के साथ पत्रकारिता की शुरुआत हुई। इसके बाद दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट और पत्रिका अखबार में काम किया है। आई नेक्स्ट की डिजिटल विंग में काम करते हुए कई नए और रोचक प्रयोग किए। लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।