गौरव भाटिया की याचिका में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा का जिक्र, श्रीलंका ने भारत को दिया बड़ा भरोसा; टॉप-5
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सीजेपी नेता सौरभ दास समेत अन्य पर मानहानि का मुकदमा दायर कर जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा वाले मामले का भी जिक्र किया, तो विदेश में श्रीलंका के राष्ट्रपति ने राजनाथ सिंह से मुलाकात में भारत को भरोसा दिया कि उनकी जमीन का इस्तेमाल भारत-विरोधी गतिविधियों के लिए नहीं होगा।

Top News Today: भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कॉकरोच जनता पार्टी के सौरभ दास समेत अन्य नेताओं पर दिल्ली हाईकोर्ट में दो करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा ठोक दिया और याचिका में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा वाले अवमानना मामले का भी जिक्र कर यह साबित करने की कोशिश की कि आरोप जानबूझकर दोहराए जा रहे हैं, दूसरी ओर विदेश नीति के मोर्चे पर श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात में भारत को भरोसा दिलाया कि कोलंबो अपनी जमीन का इस्तेमाल भारत-विरोधी या नई दिल्ली की सुरक्षा के लिए नुकसानदेह किसी भी गतिविधि के लिए नहीं होने देगा। पढ़ें शाम की बड़ी खबरें…
भाटिया की याचिका में जस्टिस शर्मा का जिक्र, सौरभ दास और घिरे
कई कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता एक ओर प्रदर्शनकारियों के संरक्षण की कोशिश में लगे हैं, तो दूसरी ओर कानूनी शिकंजे में फंसते दिख रहे हैं। भाजपा नेता गौरव भाटिया से जुड़ी फेक न्यूज शेयर करने के आरोप में सौरभ दास के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने के लिए हाईकोर्ट का रुख किया गया है। याचिका में अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सीजेपी को भी प्रतिवादी बनाया गया है। सौरभ दास पहले से जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की ओर से शुरू किए गए अवमानना मामले में घिरे हुए हैं। भाटिया ने अपनी याचिका में इस मामले का भी उल्लेख किया है और यह स्थापित करने की कोशिश की है कि दास जानबूझकर बार-बार ऐसे कृत्य दोहरा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...
श्रीलंका ने भारत को भरोसा दिया, हंबनटोटा पर चीन का इशारा
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात में साफ कहा कि कोलंबो अपनी जमीन का इस्तेमाल भारत-विरोधी गतिविधियों के लिए नहीं होने देगा। उन्होंने भारत को भरोसा दिलाया कि श्रीलंका की धरती से भारत की सुरक्षा के लिए नुकसानदेह कोई गतिविधि नहीं चलेगी। बैठक में हंबनटोटा बंदरगाह का अप्रत्यक्ष जिक्र रहा, जिसे 2017 में 99 साल की लीज पर चीन को सौंप दिया गया था। चीन वहां कंटेनर क्षमता बढ़ा रहा है। नई दिल्ली पड़ोसी देशों में चीनी कर्ज से बने बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को लेकर लंबे समय से चिंतित रही है। श्रीलंका चीन से लिया कर्ज चुका नहीं सका था, जिसके बाद हंबनटोटा पोर्ट के आसपास करीब 15000 एकड़ जमीन चीन को लीज पर देनी पड़ी। पढ़ें पूरी खबर
ससुर संन्यास लें तभी आकाश आनंद को बसपा में जिम्मेदारी
बसपा प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद और उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अशोक सिद्धार्थ राजनीति से पूरी तरह संन्यास लें, तभी आकाश आनंद को पार्टी में जिम्मेदारी दी जा सकती है। उनके मुताबिक ससुर के संन्यास के बाद ही आकाश स्वतंत्र रूप से पार्टी में काम कर सकेंगे और तब जिम्मेदारियां लौटाने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार होगा। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में मायावती ने लिखा कि बसपा का शीर्ष नेतृत्व भूले-भटके लोगों को उनके आचरण को देखते हुए पार्टी में जगह दे रहा है। जो लोग इसमें बाधा बनते हैं, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हो रही है। उन्होंने पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ का उदाहरण दिया। पढ़ें पूरी खबर...
ओली रॉबिन्सन का ऐतिहासिक 100वां विकेट
इंग्लैंड और पाकिस्तान के तीसरे टेस्ट में ओली रॉबिन्सन ने इतिहास रच दिया। बर्मिंघम में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर रॉबिन्सन ने सईम अयूब को एलबीडब्ल्यू आउट किया। यह उनके टेस्ट करियर का 100वां विकेट था। 32 वर्षीय रॉबिन्सन पिछले 100 वर्षों में 20 से कम औसत पर 100 से अधिक विकेट लेने वाले केवल दूसरे गेंदबाज बन गए। उनका मौजूदा औसत 19.34 है। इससे पहले भारत के जसप्रीत बुमराह ने यह कारनामा किया है। बुमराह के 52 टेस्ट में 232 विकेट हैं और औसत 19.79 है। पढ़ें पूरी खबर...
रामायण में लंका दहन का विशाल सीन
नितेश तिवारी की फिल्म रामायण का इंतजार जारी है। इसमें रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। ट्रेलर में हनुमान की झलक नहीं मिली थी, इसलिए सनी देओल वाले सीक्वेंस को लेकर उत्साह बढ़ा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म में हनुमान का बड़ा फायर सीक्वेंस होगा। ऋषभ त्यागी के मुताबिक यह भारतीय सिनेमा के अब तक के सबसे बड़े ऐसे दृश्यों में से एक हो सकता है। टीम ने करीब दो महीने इस सीक्वेंस पर काम किया है, जिसमें हनुमान की लंका यात्रा दिखाई गई है। पढ़ें पूरी खबर...


