काम की बात: गणेश भक्तों के लिए खुशखबरी! 17 दिन तक नहीं देना होगा टोल, जानिए कैसे लें अपना पास
Ganeshotsav 2026: महाराष्ट्र सरकार ने कोंकण जाने वाले गणेश भक्तों के लिए 11 से 27 सितंबर तक टोल माफ किया है। जानें किन रूटों पर मिलेगी छूट और टोल फ्री सफर के लिए पास या स्टिकर कैसे मिलेगा।

महाराष्ट्र सरकार ने गणेशोत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले गणेश भक्तों के लिए टोल माफ करने का ऐलान किया है। यह छूट 11 सितंबर से 27 सितंबर तक लागू रहेगी। मुंबई-बेंगलुरु और मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे समेत कोंकण जाने वाले कई रास्तों पर इसका फायदा मिलेगा।
किन रास्तों पर नहीं देना होगा टोल?
टोल में यह छूट 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इसका लाभ इन प्रमुख मार्गों पर मिलेगा:
- मुंबई-बेंगलुरु नेशनल हाईवे-48
- मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे-66
- कोंकण की ओर जाने वाले अन्य संबंधित मार्ग
- अटल सेतु के रास्ते कोंकण जाने वाले वाहन भी इस छूट के दायरे में होंगे।
टोल फ्री सफर के लिए लेना होगा खास पास
कोंकण जाने वाले श्रद्धालुओं को टोल छूट का लाभ लेने के लिए विशेष स्टिकर या पास दिया जाएगा। इन पर “Ganeshotsav 2026 Konkan Darshan” लिखा होगा।
पास कैसे प्राप्त करें?
- अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन, ट्रैफिक चौकी या RTO ऑफिस जाएं।
- एक एप्लीकेशन फॉर्म भरें जिसमें आपकी यात्रा का शेड्यूल और गाड़ी की जानकारी हो।
- आपको गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और ड्राइवर/मालिक का नाम देना होगा।
- जल्दी से जांच-पड़ताल के बाद, अधिकारी एक ऑफिशियल स्टिकर/पास जारी करेंगे जिस पर "गणेशोत्सव 2026 कोंकण दर्शन" लिखा होगा।
- यात्रा शुरू करने से पहले स्टिकर को अपनी गाड़ी की सामने वाली विंडस्क्रीन पर साफ-साफ लगाएं।
- खास बात यह है कि ये पास वापसी के सफर के लिए भी मान्य होंगे।
यह छूट मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे (NH-66), मुंबई-बेंगलुरु नेशनल हाईवे (NH-48), अटल सेतु (सेवरी-न्हावा शेवा) और कोंकण क्षेत्र में जाने वाले PWD और MSRDC के तहत आने वाले सभी अन्य प्रमुख स्टेट हाईवे पर मौजूद टोल प्लाजा पर लागू होगी।
एसटी बसों को भी मिलेगी टोल छूट
सिर्फ निजी वाहनों को ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की उन बसों को भी टोल छूट मिलेगी, जो गणेशोत्सव के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों से कोंकण की ओर जाएंगी।
हर साल बड़ी संख्या में लोग जाते हैं कोंकण
गणेशोत्सव के दौरान हर साल मुंबई, ठाणे, पुणे और महाराष्ट्र के दूसरे शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक गांवों में गणेश उत्सव मनाने के लिए कोंकण जाते हैं। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने इस अवधि में टोल छूट देने का फैसला किया है। गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा और 10 दिनों तक चलेगा।


