IRCTC को FSSAI का नोटिस, ट्रेन शौचालय में बर्तन धोने का वीडियो हुआ था वायरल
खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने गुरुवार को सरकारी कंपनी भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) को नोटिस जारी किया है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया है।

खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने गुरुवार को सरकारी कंपनी भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) को नोटिस जारी किया है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया है। इस वीडियो में ट्रेन के एक डिब्बे के शौचालय वाले हिस्से में बर्तन धोए जाते हुए दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने इस हरकत को (यदि यह सही है) आपत्तिजनक करार दिया है, क्योंकि इससे भोजन दूषित हो सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
एक सूत्र ने बताया कि एफएसएसएआई ने इंडियन आईआरसीटीसी को इस सोशल मीडिया वीडियो का हवाला देते हुए नोटिस भेजा है। इस वीडियो में कथित तौर पर ट्रेन के शैचालय परिसर के अंदर बर्तन धोए जा रहे हैं। एक यात्री द्वारा बनाए गए इस वीडियो के अनुसार, ट्रेन का संख्या 12223-एलटीटी ईआरएस दुरंतो है। वीडियो के मुताबिक, बर्तन कैटरिंग स्टाफ या आईआरसीटीसी द्वारा काम पर रखे गए ठेका कर्मचारियों द्वारा धोए जा रहे थे। एफएसएसएआई ने इस मामले पर आईआरसीटीसी से जल्द से जल्द जवाब मांगा है।
किस तरह का खतरा
एक सूत्र ने कहाकि शौचालय वाले हिस्सों में बर्तन धोने से दूषित होने का गंभीर खतरा पैदा होता है और खाद्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह अत्यंत आपत्तिजनक है। खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची 4 के तहत, खाद्य व्यवसाय संचालकों को प्रसंस्करण, रखरखाव, धुलाई और सफाई के स्वच्छ तरीकों का पालन करना अनिवार्य है ताकि भोजन को दूषित होने से बचाया जा सके।
पहले भी ले चुकी है ऐक्शन
सूत्रों ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में, एफएसएसएआई ने फटाफट सामान की आपूर्ति करने वाली कंपनी ब्लिंकिट से उसके मंच पर खराब गुणवत्ता वाले अंडे बेचे जाने के संबंध में उपभोक्ताओं की शिकायतों पर स्पष्टीकरण मांगा था। इस मामले में भी, एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपभोक्ताओं की शिकायतों का ‘स्वतः संज्ञान’ लिया था।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


