जब दो दोस्त मिलते हैं… मैक्रों ने पीएम मोदी के साथ शेयर की खास तस्वीर, सोशल मीडिया पर छाए
इमैनुएल मैक्रों ने बुधवार को इस बात पर जोर दिया है कि भारत और फ्रांस को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में आत्मनिर्भर क्षमता और प्रतिभा विकसित करनी चाहिए, ताकि इसका विकास मानवता के हित में हो और कुछ गिने-चुने वैश्विक शक्तियों पर अत्यधिक निर्भरता ना रहे।

इंडिया AI इंपैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक खास तस्वीर शेयर की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस पोस्ट को शेयर करते हुए उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपनी खास दोस्ती पर भी जोर दिया। इससे पहले एक कार्यक्रम में बोलते हुए इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि भारत और फ्रांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य पर एकमत हैं और उन्हें अमेरिका और चीन जैसे देशों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है।
बुधवार को मैक्रों ने पीएम के साथ जो तस्वीर है वह AI जनरेटेड है। तस्वीर में दोनों देशों के नेता हाथ जोड़कर और मुस्कुराते हुए हाथ से ‘दिल’ जैसी आकृति बनाते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं इसमें उनके कॉफी के कप पर भारत और फ्रांस के झंडे भी बने हैं, जो दोनों देशों में बीच सहयोग को दर्शाता है। तस्वीर पर लिखा है, "हां, यह AI है।” मैक्रों ने तस्वीर के साथ खास कैप्शन भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, "जब दोस्त जुड़ते हैं, तो इनोवेशन होता है। AI इम्पैक्ट समिट के लिए तैयार!" यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।
शिखर सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे PM
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने इस हफ्ते की शुरुआत में भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन किया था। इसके बाद गुरुवार को पीएम मोदी 'इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन 2026' का शुभारंभ करेंगे। इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य भारत को कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में एक अग्रणी देश के रूप में स्थापित करने के साथ एक ऐसे भविष्य की कल्पना करना है जहां प्रौद्योगिकी मानवता को आगे बढ़ाए और समावेशी विकास को बढ़ावा दे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 19 फरवरी को 'इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन 2026' का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह शिखर सम्मेलन में शामिल कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। उद्घाटन समारोह को मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस और दुनिया भर के उद्योग दिग्गज संबोधित करेंगे।
भारत 16 से 20 फरवरी तक समिट की मेजबानी कर रहा है। इस शिखर सम्मेलन में दुनियाभर के 500 से अधिक एआई दिग्गज, करीब 100 सीईओ एवं संस्थापक, 150 शिक्षाविद एवं शोधकर्ता और 400 मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ), उपाध्यक्ष और परोपकारी शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा 100 से अधिक सरकारी प्रतिनिधि भी भाग लेंगे जिनमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष एवं शासन-प्रमुख तथा करीब 60 मंत्री और उप मंत्री शामिल हैं।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

