सारी समस्याओं का जिम्मेदार, टीएमसी छोड़ने के बाद अभिषेक बनर्जी पर खूब बरसा यह नेता
ममता बनर्जी की पार्टी में इस्तीफों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में टीएमसी के राज्य अल्पसंख्यक सेल सचिव अजमल सिद्दीकी ने भी इस्तीफा दे दिया है। अजमल सिद्दिकी ने शनिवार को इस बारे में बयान जारी किया।

ममता बनर्जी की पार्टी में इस्तीफों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में टीएमसी के राज्य अल्पसंख्यक सेल सचिव अजमल सिद्दीकी ने भी इस्तीफा दे दिया है। अजमल सिद्दिकी ने शनिवार को इस बारे में बयान जारी किया और अपने इस्तीफे की वजह बताई। साथ ही यह भी कहाकि इस पार्टी में रहना अब असहज करने लगा है। उन्होंने सारी समस्याओं का जिम्मेदार ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को बताया। गौरतलब है कि टीएमसी के करीब 60 विधायकों ने अलग होकर एक नया गुट बना लिया है। इन लोगों ने ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में विधानसभा में अपनी दावेदारी पेश की है। साथ ही ऋतब्रत के लिए नेता प्रतिपक्ष का पद भी हासिल कर दिया है।
यह पार्टी केवल बदनामी लाती है
अजमल सिद्दिकी ने कहाकि मैं हज यात्रा से महज दो दिन पहले ही लौटा हूं। लौटने के बाद मैंने फैसला किया कि टीएमसी पार्टी केवल बदनामी ही लाती है। उन्होंने कहाकि इसके अधिकांश सदस्य अवांछनीय गतिविधियों में लगे हुए हैं। लगातार तरह-तरह के स्कैंडल्स सामने आ रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में शायद इस तरह की और भी घटनाएं सामने आएंगी। अजमल ने आगे कहाकि इस पार्टी में रहते हुए अब बहुत ज्यादा असहज महसूस हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोगों के लिए कोई वास्तविक काम नहीं कर रही है और सिर्फ नाम की पार्टी है। आप इसके भीतर कुछ भी सार्थक हासिल नहीं कर सकते। वहां केवल वही लोग सफल होते हैं जो चापलूसी के जरिए ऊपर उठे हैं।
यह सब असहनीय
टीएमसी में राज्य अल्पसंख्यक सेल सचिव रह चुके अजमल सिद्दिकी ने कहाकि यही वजह है कि हज से लौटने के बाद, मैंने तय किया कि इस्तीफा देना ही बेहतर रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने ममता के भतीजे पर आरोप भी लगाया। उन्होंने कहाकि आज पार्टी सिर्फ एक आदमी की वजह से ध्वस्त हो रही है और वह है अभिषेक बनर्जी। उनका जो तानाशाही रवैया है और उन्होंने हमारा जिस तरह से दमन किया है, वह बर्दाश्त के बाहर है। हमारे खिलाफ 12 या 13 साल पहले झूठे मामले दर्ज कराना, फिर पैसे की मांग, यह सब असहनीय है।
जब अजमल सिद्दिकी से पूछा गया कि क्या वे भाजपा में कोई पद चाहते हैं? इसके जवाब में उन्होंने कहाकि हमने इसके बारे में अभी तक नहीं सोचा है। हमारी केवल एक इच्छा है कि बंगाल में विकास हो। यहां पर उद्योग-धंधे स्थापित हों और गरीबों को रोजगार मिले।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


