नहीं रहे बंगाल की राजनीति के चाणक्य, पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का निधन
पूर्व रेल मंत्री और वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय का निधन हो गया है। उन्होंने 71 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। खास बात है कि तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में शामिल रॉय लंबे समय तक मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी रहे।

पूर्व रेल मंत्री और वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय का निधन हो गया है। उन्होंने 71 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। खास बात है कि तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में शामिल रॉय लंबे समय तक मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी रहे।
71 वर्षीय रॉय को राजधानी कोलकाता स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने रात करीब 1 बजकर 30 मिनट पर अंतिम सांस ली। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में उनके बेटे शुभ्रांशु रॉय ने कहा, 'वह कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे थे।' रॉय ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत बंगाल में यूथ कांग्रेस से की थी।
टीएमसी की स्थापना के बाद वह काफी समय तक बनर्जी के साथ काम करते रहे और उन्हें पार्टी का महासचिव बनाया गया। इसके बाद वह दिल्ली में टीएमसी का बड़ा चेहरा बनकर उभरे। साल 2006 में वह राज्यसभा के लिए चुने गए और साल 2009 से 2012 तक उच्च सदन में पार्टी के नेता रहे।
टीएमसी से बना ली थी दूरी
साल 2011 के बाद जब टीएमसी सत्ता में आई, तो बनर्जी मुख्यमंत्री बनीं। इसके बाद रॉय लगातार पार्टी को मजबूत करते रहे। टीएमसी के तत्कालीन पार्टी महासचिव रॉय के पद पर रहते हुए बड़ी संख्या में सीपीएम और कांग्रेस नेताओं ने दल बदले थे।
हालांकि, रॉय ने नवंबर 2017 में टीएमसी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली थी। साल 2019 में जब भाजपा ने राज्य में 18 लोकसभा सीटें जीतीं, तो इसका एक श्रेय रॉय को भई दिया गया। कहा जाता है कि उन्होंने टीएमसी के कई बड़े नेताओं को भाजपा में लाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। वह साल 2021 में कृष्णनगर उत्तर सीट से भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरे थे और विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी।
जून 2021 में उन्होंने भाजपा को अलविदा कहा और टीएमसी में लौट गए थे। 13 नवंबर 2025 को कलकत्ता हाईकोर्ट ने दल बदल विरोधी कानून के तहत रॉय को अयोग्य विधायक घोषित कर दिया था।
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

