बीजेपी में शामिल हुए मालिक, इसलिए LPU को बनाया निशाना? पंजाब के पूर्व CM ने उठाए सवाल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

दूसरी तरफ, राजनीतिक आरोपों और पुलिस पर उठ रहे सवालों के बीच पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया है।

Punjab LPU University Violence
बीजेपी में शामिल हुए मालिक, इसलिए LPU यूनिवर्सिटी को बनाया निशाना

फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कथित रेप की अफवाह के बाद हुई भारी तोड़फोड़, आगजनी और बवाल पर अब पंजाब की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने इस पूरी घटना को 'राजनीतिक से प्रेरित' करार दिया है।

चन्नी का सीधा आरोप है कि LPU के संस्थापक और राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की वजह से ही यूनिवर्सिटी को निशाना बनाया गया और पुलिस के संरक्षण में बाहरी गुंडों ने कैंपस में घुसकर तांडव मचाया।

'बाहरी लोगों ने की गुंडागर्दी, पुलिस बनी रही मददगार'

घटना पर पंजाब सरकार और पुलिस को घेरते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने मीडिया से कहा, "यूनिवर्सिटी के बाहर से आए लोगों ने कैंपस में घुसकर गुंडागर्दी की और यह गुंडागर्दी किसी और ने नहीं, बल्कि खुद पुलिस के संरक्षण में करवाई गई। LPU के संस्थापक अशोक मित्तल के बीजेपी में शामिल होने के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस यूनिवर्सिटी को तबाह करने की कोशिश की है।"

चन्नी ने यूनिवर्सिटी को हुए भारी नुकसान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूनिवर्सिटी को करीब 100 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने पूछा कि आखिर इस भारी नुकसान और छात्रों पर हुए बेरहम पुलिस लाठीचार्ज का जिम्मेदार कौन है? उन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई जिन्होंने छात्रों को इतनी बेदर्दी से पीटा?

रंधावा का सरकार पर हमला, बिट्टू के बयान पर जताया ऐतराज

पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी मान सरकार की ढुलमुल कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। रंधावा ने कहा कि जब छात्र सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे थे, तब सरकार ने बहुत देर से कदम उठाया। उन्हें तुरंत और मुस्तैदी से कार्रवाई करनी चाहिए थी।

इसके साथ ही रंधावा ने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू के उस बयान को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने छात्रों के प्रदर्शन को राजनीतिक साजिश बताया था।

रंधावा ने कहा, "छात्रों को इस तरह बदनाम नहीं किया जाना चाहिए। बिना सिर-पैर की बातें करना बिट्टू की आदत बन चुकी है। एक स्वतंत्रता सेनानी और बड़े राजनेता के पोते होने के नाते उन्हें ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जिससे राज्य की छवि खराब हो।"

इस बीच, कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य भंवर जितेंद्र सिंह ने भी इस विवाद के बहाने बीजेपी और चुनाव आयोग को घेरते हुए पूरे पंजाब में "वोट चोरी" के गंभीर आरोप लगाए।

डीजीपी ने क्या सफाई दी?

दूसरी तरफ, राजनीतिक आरोपों और पुलिस पर उठ रहे सवालों के बीच पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि 26 और 27 सितंबर की दरमियानी रात को सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बाद बड़ी संख्या में छात्र इकाट्ठा हो गए थे, जिसके बाद कैंपस में तोड़फोड़ और गेट के एक हिस्से में आग लगाने की घटनाएं हुईं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला और कपूरथला के SSP तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संयम बरतते हुए छात्रों से सीधी बातचीत की, उनकी शिकायतों को सुना और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से शांत कराया।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबीजेपी में शामिल हुए मालिक, इसलिए LPU को बनाया निशाना? पूर्व CM ने उठाए सवाल