राजा वडिंग के इस्तीफे के बाद कौन बनेगा पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष? रेस में कई नाम

लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़।
Follow us on Google News
share

Punjab Congress Chief: पार्टी सूत्रों का कहना है कि हिंदू चेहरे के रूप में विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे ऊपर है। राज्य के हिंदू मतदाताओं को साधने के लिए कांग्रेस उनके चेहरे पर दांव खेल सकती है।

राजा वडिंग के इस्तीफे के बाद कौन बनेगा पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष? रेस में कई नाम
रावा वडिंग के इस्तीफे के बाद पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष के लिए कई नामों की चर्चा शुरू हो गई है।

Punjab Congress Chief: पंजाब में विधानसभा चुनाव से ठीक छह महीने पहले कांग्रेस पार्टी के भीतर बड़ी हलचल देखने को मिली है। पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं। इस सियासी घटना के बाद अब नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हो चुकी हैं। इस रेस में कई नाम सामने आ रहे हैं। आपको बता दें कि भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी बनाए जाने के बाद वडिंग का इस्तीफा तय हुआ। बघेल पंजाब कांग्रेस के एक गुट की इस लंबी मांग को लगातार खारिज कर रहे थे। इसकी वजह से पार्टी में फूट की स्थिति बनती जा रही थी।

खबर है कि कांग्रेस पार्टी अगले 24 से 48 घंटों में नए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर सकती है। इस पद की रेस में सबसे आगे पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला (Vijay Inder Singla) बताए जा रहे हैं। इसके अलावा जालंधर कैंट से विधायक और पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह (Pargat Singh) और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा (Sukhjinder Singh Randhawa) भी अध्यक्ष पद के दावेदारों में शामिल हैं।

गुटबाजी और अंदरूनी कलह बनी इस्तीफे की वजह

2024 में लुधियाना से सांसद बने राजा वडिंग ने तब पंजाब कांग्रेस की कमान संभाली थी जब आम आदमी पार्टी (AAP) से करारी हार के बाद कांग्रेस अंदरूनी गुटबाजी से जूझ रही थी। हालांकि उनके कार्यकाल में भी पार्टी की अंदरूनी खींचतान खत्म नहीं हुई और हाल के महीनों में यह अपने चरम पर पहुंच गई। पंजाब कांग्रेस में इन दिनों दो गुट आमने-सामने नजर आ रहे थे। राजा वडिंग गुट को भूपेश बघेल का समर्थन प्राप्त था। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी गुट को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा का समर्थन मिल रहा था। जुलाई में पार्टी हाईकमान द्वारा राजा वडिंग को अध्यक्ष पद पर बरकरार रखने के फैसले के बाद गुटबाजी और बढ़ गई थी।

सचिन पायलट की एंट्री से बदला प्लान

गुटबाजी की खबरें राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बनने के बाद कांग्रेस हाईकमान ने सितंबर महीने में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी के पद से हटाकर राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट को पंजाब का नया प्रभारी नियुक्त किया। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के करीबी माने जाने वाले सचिन पायलट का पहला काम सभी गुटों को एक मंच पर लाकर एकजुटता का संदेश देना था। चन्नी, वडिंग और बाजवा समेत सभी नेताओं ने इस पहल का स्वागत किया था। सितंबर के अंतिम दिन राजा वडिंग का इस्तीफा ले लिया गया ताकि चुनाव से पहले पार्टी में नए सिरे से संतुलन बनाया जा सके।

नए अध्यक्ष की रेस में कौन-कौन?

विजय इंदर सिंगला हिंदू हैं। वह बनिया जाति से आते हैं। पंजाब सरकार में मंत्री रह चुके हैं। कांग्रेस ने उन्हें हाल ही में चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया था। वडिंग के इस्तीफा के बाद से वह इस दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं।

परगट सिंह जाट सिख समुदाय से आते हैं। वह जालंधर कैंट से विधायक हैं और हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं।

एक और नाम इस रेस में शामिल है वह है सुखजिंदर सिंह रंधावा का, जो परगट सिंह की तरह जाट सिख समुदाय से आते हैं। वह गुरदासपुर से सांसद हैं और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि हिंदू चेहरे के रूप में विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे ऊपर है। राज्य के हिंदू मतदाताओं को साधने के लिए कांग्रेस उनके चेहरे पर दांव खेल सकती है। इसके बाद चुनाव अभियान समिति की कमान दलित चेहरे के रूप में चरणजीत सिंह चन्नी के पास रहने की उम्मीद है।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsराजा वडिंग के बाद कौन बनेगा पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष? रेस में कई नाम