खून से लथपथ, होंठ पड़े नीले… स्मित मच्छार का बचना था मुश्किल; इजरायली डॉक्टर ने याद किया खौफनाक मंजर
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हमलावर का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी। उनकी जान बचाने वाले डॉक्टर ने क्या बताया?

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के कॉकपिट में 30 सितंबर को हुई खौफनाक वारदात से पूरी दुनिया हिल गई। कॉकपिट के अंदर को पायलट ने पायलट की जान लेने की कोशिश की और इसके बाद उसका प्लान विमान को क्रैश कराने का था। लेकिन इस योजना को कामयाब होने से बचाया विमान के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने। स्मित मच्छार ने गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी हिम्मत नहीं हारी और 174 लोगों की जिंदगी बचा ली। हालांकि इस क्रम में उनकी जान लगभग जा ही चुकी थी। स्मित की जान विमान में मौजूद एक इजरायली डॉक्टर ने बचाई। अब उन्होंने इस घटना के खौफनाक पलों को याद किया है।
स्मित मच्छार के लिए मसीहा बने 47 वर्षीय इजराइली डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसायेव ने बताया कि विमान में कैप्टन स्मित ने लगभग 45 मिनट तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ी। उन्होंने बताया कि किस तरह वे कॉकपिट के अंदर से चीख-पुकार सुनकर जब अंदर गए तो वहां कैप्टन स्मित को खून से लथपथ पड़े थे।
सिर और हाथ में लगी थी गंभीर चोट
हमलवार ने स्मित मच्छार के सिर और हाथ पर जोरदार हमले किए थे। इस दौरान उनका हाथ लगभग कट कर अलग हो गया था। डॉ मुसायेव ने बताया कि कैप्टन के सिर और बाएं हाथ से लगातार खून बह रहा था। डॉक्टर ने पहले टी-शर्ट से घावों को दबाया, लेकिन जब खून नहीं रुका तो केबिन क्रू से बर्फ मंगवाई। 45 मिनट तक वे लगातार दबाव बनाए रहे और बर्फ लगाते रहे।
‘सोना मत, हमें तुम्हारी जरूरत है’
डॉक्टर ने याद करते हुए बताया कि वे जानते थे कि कैप्टन को होश में रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्मित से उनके बच्चों के नाम पूछे और उनसे बात करते रहे ताकि वे हिम्मत न हारें। दर्द से कराहते हुए कैप्टन स्मित ने उनसे कहा था, "प्लीज मेरी मदद करो। मेरा भगवान मेरे साथ है। मैं जीना चाहता हूं, यहां मरना नहीं चाहता।" एक वक्त कैप्टन की पल्स बेहद कम हो गई थी। वहीं उनके भी होंठ नीले पड़ने लगे। तब डॉक्टर ने क्रू से कहा था, “हमें तुरंत लैंड करना होगा, इनके पास अब ज्यादा समय नहीं बचा है।”
हनुमान चालीसा पढ़ते रहे स्मित
हमलवार हम्माम अल-हम्मामी ने विमान का कंट्रोल लगभग अपने हाथों में लिया ही था। एक वक्त कि स्मित नीचे गिरे पड़े थे और विमान का क्रैश होना भी तय था। लेकिन तब स्मित ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉल पर आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे तब नहीं उठते तो बहुत बड़ा अनर्थ हो जाता इसीलिए वे हिम्मत कर के उठे। स्मित ने यह भी बताया कि जब वे फ्लाइट में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे थे तब वे हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे।
इमरजेंसी लैंडिंग और चमत्कार
स्मित के कॉकपिट का दरवाजा खोलते ही कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने हमलावर को काबू किया। हेडफोन के केबल्स का इस्तेमाल करके उसे बांधा। इधर फ्लाइट में सवार दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान को नियंत्रित किया। तब तक डॉ मुसायेव स्मित के घावों को थामे बैठे रहे, ताकि खून रुक सके। करीब 45 मिनट बाद फ्लाइट को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबूक में उतारा गया। इसके बाद कैप्टन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल बेहतर इलाज के लिए यूएई शिफ्ट किया गया है। वे खतरे से बाहर हैं हालांकि उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर की खबर सामने आई है। इसके अलावा सिर और हाथ में गंभीर चोटें हैं। आंखों की रोशनी भी प्रभावित हुई है।

