इजरायल को बड़ा जख्म देकर गाजा का बदला लेना चाहता था हम्मामी, शहीद होकर हीरो बनने का था प्लान
हम्मामी की योजना पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को जान से मारने की थी। फिर वह तय रास्ते से तेल अवीव ले जाकर शहर की इमारतों से विमान को टकराना चाहता था। हम्मामी को लेकर और भी कई बड़े खुलासे हुए हैं।

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की विमान को क्रैश कराकर को-पायलट हमाम अल-हम्मामी गाजा का बदला लेना चाहता था। जांच में खुलासा हुआ है कि वह इजरायल को गहरा जख्म देना चाहता था। प्लान के तहत वह पहले विमान के भारतीय पायलट स्मित मच्छार को जान से मारने वाला था। इसके बाद वह 174 लोगों से भरी प्लेन को इजरायली एयरपोर्ट पर ले जाकर टकरा देता। उसने कहा है कि वह शहीदों की तरह मरना चाहता था। हम्मामी ने इस साजिश को अंजाम देने की योजना महीनों पहले बना ली थी और पिछले सप्ताह फ्लाईदुबई की फ्लाइट में इसे अंजाम देने की पूरी कोशिश की।
गौरतलब है कि इससे पहले बीते सप्ताह फ्लाईदुबई की विमान से अचानक हाईजैक वाले सिग्नल मिले। किसी तरह विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जांच में खुलासा हुआ कि प्लेन के को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने नमाज का बहाना बनाकर अचानक कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद उसने प्लेन को क्रैश कराने की कोशिश की। इस दौरान विमान कुछ ही सेकेंड में हजारों फीट नीचे गिर गया।
हालांकि खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने अदम्य साहस दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा अनलॉक किया। इसके बाद कुछ इजरायली यात्रियों और क्रू ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को दबोचा और सऊदी अरब के तबुक में विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई।
गाजा का बदला लेना चाहता था हम्मामी
अब इस मामले को लेकर हम्मामी से पूछताछ जारी है। यूएई में चल रही इस उच्चस्तरीय जांच में अब इजरायल की खुफिया एजेंसी शिन बेट के अधिकारी भी शामिल हो गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हमले के पीछे के असल मकसद को लेकर कबूलनामा किया है।
इजरायली मीडिया चैनल 12 और द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक इजरायली अधिकारियों ने बताया है कि आरोपी गाजा का बदला लेना चाहता था। कथित तौर पर हम्मामी ने जांचकर्ताओं के सामने कबूल किया कि उसने गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाइयों का बदला लेने के लिए यह कदम उठाया था और वह शहीद के रूप में मरना चाहता था। आरोपी ने बताया है कि उसका असली मकसद कैप्टन स्मित को जान से मारकर विमान को बेन गुरियन एयरपोर्ट या उसके आसपास की गगनचुंबी इमारतों से विमान को टकराना था। इस दौरान वह ज्यादा से ज्यादा तबाही मचाना चाहता था।
पहले भी की थी जासूसी
जांच में सामने आया कि हमामी इसी साल की शुरुआत में फ्लाईदुबई की फ्लाइट से पहले भी तेल अवीव जा चुका था। उसने स्वीकार किया कि उस दौरान उसने एयरपोर्ट लेआउट, लैंडिंग ट्रैजेक्टरी और सुरक्षा प्रोटोकॉल की रेकी की थी। उस वक्त भी उसने प्लेन क्रैश करने का सोचा था, लेकिन तब अपनी योजना टाल दी थी।
अकेला था या बड़ी साजिश?
'कोरिएरे डेला सेरा' के अनुसार हम्मामी ने पहले ओमान एयर के लिए काम किया था, लेकिन इस्लामिक चरमपंथ के बहुत करीब माने जाने वाले विचारों के कारण उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बावजूद आठ महीने पहले उन्हें फ्लाईदुबई ने नौकरी पर रखा था। इस बीच ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियों ने हम्मामी के एक छात्र के रुप में देश में लगभग दो साल बिताए जाने की बात सामने आने पर जांच शुरू कर दी है। वहीं इजरायली अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि हम्मामी एक लोन वुल्फ यानी अकेले काम करने वाला शख्स था या किसी आतंकी समूह के आदेश पर काम करता था।

