राहुल गांधी की जिद के आगे झुकी दिल्ली पुलिस, पैलेट गन केस में FIR दर्ज; नेता विपक्ष बोले- 'न्याय का पहला कदम'
दिल्ली पुलिस ने आखिरकार पैलेट गन केस मामले में पीड़ित 19 वर्षीय साहिल लोचब की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। हालांकि, इस मामले में किसी को नामजद नहीं किया गया है और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की जिद के बाद दिल्ली पुलिस ने आखिरकार पैलेट गन केस मामले में पीड़ित साहिल लोचब की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सीनियर पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल के मामले में FIR दर्ज की है। इस मामले में किसी को भी नामजद नहीं किया गया है। यानी अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। FIR दर्ज होने पर राहुल गांधी ने इसे सत्य की जीत बताया है और कहा है कि न्याय की ओर यह पहला कदम है।
इससे पहले राहुल गांधी साहिल लोचब, उनके परिवार के सदस्यों और वकीलों के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने तथा पुलिस से जांच अधिकारी (आईओ) का नंबर उपलब्ध कराने की मांग भी की। उनकी मांग थी कि जब तक 19 वर्षीय साहिल लोचब नाम के छात्र पर हुए पैलेट गन इस्तेमाल मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो जाती, वह वहां से नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ है और उनके पास इसके पुख्ता प्रमाण हैं इसलिए इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
राहुल के साथ कांग्रेसियों का पूरा कुनबा
गांधी ने शुक्रवार को संसद भवन थाने में बहन प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेसी नेताओं के साथ धरना भी दिया। डीसीपी कार्यालय के सामने उनके धरने में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी , जयराम रमेश, मुकुल वासनिक, कुमारी सैलजा, वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और कई अन्य नेता शामिल हुए। धरना शुरू होने के बाद संसद मार्ग थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 'पैलेट गन का हिसाब दो, अमित शाह जवाब दो' के नारे भी लगाए।
राहुल ने क्या आरोप लगाए?
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज साहिल लोचब के साथ, उनके संग हुई पुलिस बर्बरता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने संसद मार्ग के डीसीपी कार्यालय पहुंचा।'' उन्होंने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे साहिल पर पुलिस ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी एक आंख की रोशनी खतरे में है। राहुल गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के खिलाफ ऐसी कार्रवाई ''गंभीर अपराध'' है। उन्होंने आरोप लगाया कि साहिल न्याय के लिए प्राथमिकी दर्ज कराना चाहते हैं, लेकिन उन्हें ऐसा करने नहीं दिया जा रहा है।
ऊपर से आदेश आया है कि प्राथमिकी दर्ज नहीं करनी है
राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मांग केवल प्राथमिकी दर्ज करने की है। उनके साथ पीड़ित युवक साहिल की मां ज्योति और पिता दीपक भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया है कि ऊपर से आदेश आया है कि प्राथमिकी दर्ज नहीं करनी है, लेकिन जब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होती, वे यहां से नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस देश में हजारों लोगों के साथ इस तरह की घटनाएं होती हैं। महिलाओं के साथ दुष्कर्म और गरीबों के साथ अपराध होते हैं। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में पैलेट गन चलाई गई है। उन्होंने कहा कि वह परिवार के लिए न्याय मांग रहे हैं और प्राथमिकी दर्ज होने तक यहां से नहीं जाएंगे। उनका कहना था कि सुबह वह खुद मंदिर मार्ग थाने गए थे, लेकिन वहां प्राथमिकी दर्ज करने से मना कर दिया गया और उन्हें यहां भेजा गया और अब प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही वे यहां से जाएंगे।
प्राथमिकी दर्ज होगी, तो न्यायिक जांच होगी
गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के खिलाफ ऐसी बर्बरता गंभीर अपराध है। इस घटना के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने छात्रों को कोई सफाई नहीं दी और न प्रधानमंत्री ने उनसे माफी मांगी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होगी, न्यायिक जांच होगी और ''ऊपर से नीचे तक जो भी इस बर्बरता के दोषी हैं, उन सभी पर कार्रवाई होगी।'' कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि जब तक प्राथमिकी दर्ज करने की मांग स्वीकार नहीं की जाती, तब तक यह धरना जारी रहेगा। उन्होंने वंदे मातरम् से जुड़े विवाद को लेकर दावा किया कि भाजपा देश में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करना चाहती है, ताकि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई और राम मंदिर से कथित चंदा चोरी जैसे मामलों में अपनी जिम्मेदारी से बच सके।
सूत्रों ने बताया कि साहिल लोचब अपने वकीलों के साथ 14 अगस्त को दिल्ली पुलिस के पास गए थे और लिखित शिकायत दी थी, लेकिन उन्हें जांच अधिकारी का नंबर नहीं दिया गया। इसके बाद 17 अगस्त को ईमेल और फोन के माध्यम से भी मामले को उठाया गया, लेकिन शिकायत की पावती नहीं दी गई और आईओ का संपर्क नंबर भी उपलब्ध नहीं कराया गया।

