
सोनिया गांधी के खिलाफ FIR की मांग, नेतन्याहू ने किसे बनाया मोसाद का नया चीफ? टॉप 5 न्यूज
याचिकाकर्ता के वकीलों ने आरोप लगाया है कि 1980 में मतदाता सूची में सोनिया का नाम शामिल होने का मतलब है कि तब उन्होंने जाली कागजात जमा किए थे। वकीलों के मुताबिक यह ऐसा केस है जो दिखाता है कि संज्ञेय अपराध किया गया है।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी के खिलाफ वोट चोरी का मुकदमा दर्ज कराने के लिए एक शख्स ने दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। वहीं दूसरी तरफ इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने नए मोसाद चीफ की नियुक्ति को मंजूरी दी है। देश-दुनिया की पांच बड़ी खबरें पढ़िए लाइव हिन्दुस्तान के साथ:
सोनिया गांधी के खिलाफ दर्ज हो FIR, 45 साल पुराने मामले में शख्स पहुंचा कोर्ट
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी के खिलाफ वोट चोरी का मुकदमा दर्ज कराने के लिए एक शख्स ने दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अपनी अर्जी में उस शख्स ने मजिस्ट्रेट कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है जिसमें सोनिया गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश देने से साफ तौर पर मना कर दिया गया था। अर्जी में आरोप लगाया गया है कि भारतीय नागरिकता लेने से तीन साल पहले ही सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची में जोड़ दिया गया था। पढ़ें पूरी खबर…
राहुल-खरगे को पुतिन के डिनर में नहीं मिला न्योता, सरकार ने थरूर को दिया 'तोहफा'
कांग्रेस सांसद शशि थरूर को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में शुक्रवार शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्रपति के बैंक्वेट में आमंत्रित किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि इस खास डिनर के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को न्योता नहीं मिला है। हालांकि मोदी सरकार ने शशि थरूर को ‘तोहफा’ देते हुए उन्हें इस डिनर के लिए न्योता भेजा है। इस खबर पर शशि थरूर की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि वह इस कार्यक्रम में जरूर जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर…
भारत को तेल सप्लाई जारी रहेगी, पुतिन की दो टूक; ट्रंप को लगेगी मिर्ची!
दो दिवसीय भारत दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम मोदी ने शुक्रवार को संयुक्त बयान दिए। इसमें पुतिन ने दो टूक कहा कि भारत को होने वाली तेल की सप्लाई जारी रहेगी। रूसी राष्ट्रपति के इस बयान से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मिर्ची लगना तय माना जा रहा है, क्योंकि वह भारत से रूसी तेल खरीदना बंद करने को कहते रहे हैं। यहां तक कि उन्होंने रूसी तेल खरीदने के लिए भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ (कुल 50% टैरिफ) भी लगाया हुआ है। पढ़ें पूरी खबर…
हम कैसे जाएंगे जनता के बीच? इंडिगो संकट के बीच संसद में उठे सवाल
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो इन दिनों भारी संकट से जूझ रहा है। इसका असर देशभर की उड़ानों पर पड़ा है। पिछले चार दिनों में देशभर में 1300 से ज्यादा इंडिगो विमान रद्द हुए हैं या उनमें देरी हुई हैं। इस सकंट की गूंज आज संसद में भी सुनाई दी, जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद जगदंबिका पाल ने इंडिगो एयरलाइन की सैकड़ों उड़ानें रद्द होने का मुद्दा लोकसभा में उठाते हुए कहा कि सप्ताहांत में कई सांसदों को अपने क्षेत्रों में लौटने में परेशानी आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…
कोई खुफिया अनुभव नहीं, फिर भी नेतन्याहू ने बनाया मोसाद का चीफ; कौन हैं गॉफमैन?
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को अपने सैन्य सचिव मेजर जनरल रोमन गॉफमैन को देश की बाहरी खुफिया एजेंसी मोसाद का अगला निदेशक नियुक्त किया। गॉफमैन वर्तमान प्रमुख डेविड बर्निया का स्थान लेंगे, जिनका पांच वर्ष का कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि गॉफमैन बेहद सम्मानित और दक्ष अधिकारी हैं। बयान में कहा गया- युद्ध के बीच में उन्हें प्रधानमंत्री का सैन्य सचिव नियुक्त किया गया था और उन्होंने भूमिका में तेजी से ढलते हुए युद्ध के सात मोर्चों पर तत्काल और प्रभावी भूमिका निभाई। उनका प्रदर्शन असाधारण पेशेवर क्षमता को दर्शाता है। पढ़ें पूरी खबर…





