
वित्तमंत्री सीतारमण ने की जम्मू कश्मीर सीएम की तारीफ, उमर ने भी दिया प्यारा सा जवाब
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि वह केंद्र शासित प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए काफी प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इस बारे में मुझसे कई बार बात की है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वहां की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए काफी प्रयास कर रहे हैं। नई दिल्ली में चल रहे हिन्दुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में सीतारमण ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र को काफी बड़ा झटका लगा था। उसके बाद अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने का काम चल रहा है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था फिर से तेजी के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “मुझे जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री की भी सराहना करनी होगी, जिन्होंने मुझसे दो बार मुलाकात की और पर्यटन क्षेत्र के ठप पड़ने के बाद अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने पर बात की।''
वित्तमंत्री से मिली इस तारीफ के बारे में जब मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से पूछा गया तो उन्होंने मुस्कराते हुए इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा, “यह उनकी दयालुता है कि उन्होंने मेरी तारीफ की। मैं तो यही कहूंगा कि मैडम अब पैसे भी भेज दीजिए। क्योंकि उसकी सप्लाई काफी कम है, लेकिन मैं यहां पर कहना चाहूंगा कि भारत सरकार लगातार हमारी मदद कर रही है। केवल एक मुद्दे को छोड़कर… उम्मीद है कि हम उस पर भी जल्दी ही पहुंच जाएंगे।”
इससे पहले वित्तमंत्री ने कहा कि 2019 से लेकर अब तक देश की आर्थिक यात्रा के बारे में कहा कि इस दौरान एक के बाद एक वैश्विक और घरेलू चुनौतियां आई हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में चल रहे खास प्रयासों का जिक्र भी किया। पाकिस्तान का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि हमें ''अपनी सीमाओं पर हमेशा परेशानी का सामना करना पड़ा।'' उन्होंने आगे बताया, "जम्मू-कश्मीर बैंक का पुनरुद्धार ऐसा काम है जिस पर देश को गर्व हो सकता है। जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था फिर से खड़ी हो रही थी... लेकिन बाहरी कारणों से उसे बड़ा झटका लगा और महत्वपूर्ण पर्यटन उद्योग ठप हो गया।''
वित्तमंत्री का इशारा पहलगाम हमले की तरफ था। इस हमले में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने 26 भारतीय पर्यटकों को मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के पर्यटन को काफी नुकसान पहुंचा था।





