
खराब मौसम की चपेट में आया वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का विमान, सिलीगुड़ी में इमरजेंसी लैंडिंग
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के भूटान जा रहे वाले विमान की सिलीगुड़ी में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक खराब मौसम की वजह से फ्लाइट को सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का विमान गुरुवार को खराब मौसम की चपेट में आ गया। इसके बाद भूटान जाने वाले इस विमान की सिलीगुड़ी में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक विमान में सीतारमण और उनका प्रतिनिधिमंडल सवार थे। इस दौरान भारी बारिश और कम वायुमंडलीय दबाव के कारण फ्लाइट को सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा।

इससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पड़ोसी देश भूटान के साथ साझेदारी को और मजबूत करने के लिए गुरुवार को चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुई थीं। उनका गुरुवार रात को भूटान पहुंचने का कार्यक्रम था। हालांकि अब खराब मौसम के कारण उन्हें सिलीगुड़ी में ही रुकना होगा। इंडिया टुडे ने प्रशासनिक सूत्रों के हवाले से बताया है कि वित्त मंत्री मौसम ठीक होने के बाद ही शुक्रवार सुबह भूटान के दौरे पर रवाना होंगी।
ऐतिहासिक मठ का दौरा करेंगी सीतारमण
भूटान दौरे पर रवाना हुईं सीतारमण वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग की टीम का नेतृत्व कर रही हैं। वित्त मंत्रालय ने बयान में बताया है कि केंद्रीय वित्त मंत्री अपनी आधिकारिक यात्रा के पहले दिन ऐतिहासिक सांगचेन चोखोर मठ का दौरा करेंगी। इस मठ की स्थापना 1765 में हुई थी। यह आधुनिक बौद्ध अध्ययन में संलग्न 100 से अधिक भिक्षुओं का निवास स्थान है।
वहीं यात्रा के दौरान सीतारमण भूटान में भारत सरकार के सहयोग से क्रियान्वित कई प्रमुख परियोजना स्थलों का दौरा करेंगी। इसमें कुरिचू जलविद्युत संयंत्र बांध और पावरहाउस, ग्यालसुंग अकादमी, सांगचेन चोखोर मठ और पुनाखा द्जोंग का अवलोकन शामिल है।
भूटान के नरेश और प्रधानमंत्री से मुलाकात
केंद्रीय वित्त मंत्री इस दौरे पर भूटान के नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान के प्रधानमंत्री महामहिम दाशो शेरिंग तोबगे से भी मुलाकात करेंगी। इसके अलावा सीतारमण भूटान के वित्त मंत्री लेके दोरजी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगी, जिसमें भारत-भूटान आर्थिक एवं वित्तीय सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी। वहीं वित्त मंत्री भारत के UPI के उपयोग से संपन्न लेनदेन की प्रक्रिया का जायजा लेंगी। यह दोनों देशों के बीच बढ़ते डिजिटल और वित्तीय संपर्क को दर्शाता है।





