लिव-इन पार्टनर के साथ झोपड़ी में सोया था किसान, बाहर से ताला लगाकर जिंदा जला दिया

Jan 03, 2026 08:49 am ISTHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार तड़के पड़ोसियों को कुछ जलने की तेज गंध आई, जिसके बाद उन्होंने मौके पर जाकर देखा कि झोपड़ी पूरी तरह राख हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

लिव-इन पार्टनर के साथ झोपड़ी में सोया था किसान, बाहर से ताला लगाकर जिंदा जला दिया

तमिलनाडु के चेंगम इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शुक्रवार सुबह कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक झोपड़ी को बाहर से ताला लगाकर आग के हवाले कर दिया। इस भीषण अग्निकांड में झोपड़ी के भीतर सो रहे 53 वर्षीय किसान और उसकी 40 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की जिंदा जलने से मौत हो गई।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पक्किरीपलायम गांव निवासी पी. शक्तिवेल और उनकी पार्टनर एस. अमृतम के रूप में हुई है। शक्तिवेल पेशे से किसान थे और एक ग्रामीण से पट्टे पर लिए गए तीन एकड़ के खेत में बनी 10x10 की छोटी सी झोपड़ी में रहते थे।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार तड़के पड़ोसियों को कुछ जलने की तेज गंध आई, जिसके बाद उन्होंने मौके पर जाकर देखा कि झोपड़ी पूरी तरह राख हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी एक रिपोर्ट में चेंगम पुलिस इंस्पेक्टर एम. सेल्वराज के हवाले से कहा कि झोपड़ी के भीतर दो शव ऐसी हालत में मिले जिन्हें पहचानना मुश्किल था। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावरों ने साजिश के तहत झोपड़ी का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था ताकि अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें। मौके पर फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्तों की मदद से सुराग जुटाए गए हैं। शवों का पोस्टमॉर्टम घटनास्थल पर ही किया गया।

पुलिस जांच में इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक रंजिश का एंगल सामने आ रहा है। शक्तिवेल तीन साल पहले अपनी पत्नी तमिलरसी से अलग हो गए थे। उनकी पत्नी अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ बेंगलुरु में रहती हैं। वारदात से ठीक एक रात पहले शक्तिवेल की बेटी उनसे मिलने आई थी और रात 9 बजे खाना खाकर लौटी थी। अमृतम भी अपने पति से अलग रह रही थीं। उनके भी दो बेटे और एक बेटी हैं। शक्तिवेल और अमृतम पिछले तीन साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

इंस्पेक्टर सेल्वराज के मुताबिक, "हमने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज किया है। चूंकि दोनों ही अपने-अपने जीवनसाथी से अलग हो चुके थे और साथ रह रहे थे, इसलिए हम सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं। इसमें दोनों के पूर्व जीवनसाथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।"

इस दोहरे हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस फिलहाल हमलावरों की पहचान करने के लिए गांव वालों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
;;;