पंजाब में गुरदासपुर के निजी अस्पताल में धमाका, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध; पुलिस बोली- अहम सुराग मिले
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, 'पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पहले से ही चिंता का विषय है, वहीं अब अस्पतालों जैसी महत्वपूर्ण जगहों को निशाना बनाने की घटनाओं से चिंताएं और भी बढ़ गई हैं। हम इस मामले की निष्पक्ष और पूरी जांच की मांग करते हैं।'

पंजाब में गुरदासपुर जिले के एक निजी अस्पताल में मंगलवार को उस वक्त दहशत फैल गई, जब वहां के इमरजेंसी वार्ड में हुए एक जोरदार धमाके की वजह से खिड़की-दरवाजों के शीशे टूट गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वहां फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया, साथ ही अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी देखा। इस दौरान एक फुटेज में, एक संदिग्ध व्यक्ति अस्पताल के पास खड़ा हुआ दिखाई दिया। यह घटना शहर के कलानौर इलाके में बस स्टैंड के पास बने मुल्तानी अस्पताल में हुई। हालांकि वारदात के छह घंटे के भीतर ही पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया।
मामले की जानकारी देते हुए गुरदासपुर के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस आदित्य ने बताया कि कलानौर पुलिस स्टेशन को मुल्तानी अस्पताल में एक जोरदार आवाज के बारे में जानकारी मिली थी। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को वहां टूटे हुए शीशे मिले हैं, साथ ही बताया कि जानकारी मिलते ही, डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस और स्टेशन हाउस ऑफिसर तुरंत मौके पर पहुंच गए।
पुलिस बोली- हमें कुछ अहम सुराग मिले
SSP ने बताया कि सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डिटेक्टिव) के साथ मिलकर उन्होंने मौके का मुआयना भी किया। इस दौरान फोरेंसिक टीमें मौके पर मौजूद थीं। SSP ने कहा, 'हम हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं। हमारे पास कुछ अहम सुराग हैं और हम उनकी जांच कर रहे हैं। हम जल्द ही इस मामले में हुई प्रगति के बारे में जानकारी देंगे।'
पुलिस अधिकारी ने लोगों से की महत्वपूर्ण अपील
इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध चीज दिखे, तो वे तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें। जांच के दौरान अस्पताल के एक CCTV फुटेज में, एक संदिग्ध व्यक्ति अस्पताल के पास खड़ा हुआ दिखाई दे रहा था। SSP ने बताया कि इस मामले में जांच चल रही है। उधर स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि उन्हें काफी दूर से उस धमाके की आवाज सुनाई दी थी।
सांसद ने इसे बताया ग्रेनेड हमला
उधर इस मामले को लेकर गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि कलानौर के एक प्राइवेट अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में 'धमाके' की खबर बेहद चिंताजनक और गंभीर है, और उन्होंने इस मामले की जांच की मांग की।
सांसद रंधावा ने कहा, 'अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, यह एक ग्रेनेड हमला था, अगर यह जानकारी सही है, तो यह सिर्फ सुरक्षा में लापरवाही का मामला नहीं है, बल्कि यह लोगों की जिंदगी से जुड़े संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा पर भी एक बड़ा सवाल खड़ा करता है।'
DGP बोले- छह घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वारदात के छह घंटे के भीतर ही गुरदासपुर पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने मिलकर इस मामले को सुलझा लिया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान तकनीकी और मानवीय खुफिया इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हमले के लिए जिम्मेदार मुख्य अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि इसमें विदेश में बैठे एक हैंडलर का हाथ है और हमले के पीछे के पूरे नेटवर्क की पहचान करने और उसे खत्म करने के लिए सभी कड़ियों (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज) की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है, और पंजाब पुलिस आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने और पूरे राज्य में शांति, सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


