10 राज्यों की 37 राज्य सभा सीटों के चुनाव आज. नीतीश कुमार और नितिन नबीन भी मैदान में
राज्यसभा की 37 सीटों पर सोमवार को चुनाव होने जा रहे हैं। इनमें से 11 सीटों पर कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। वहीं 26 सीटों पर प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है। नीतीश कुमार और नितिन नबीन भी मैदान में हैं।
राज्यसभा की 37 सीटों पर सोमवार को चुनाव होने जा रहे हैं। इनमें बिहार, ओडिशा और हरियाणा की 11 सीटों पर मुकाबला होने जा रहा है। वहीं बाकी सात राज्यों की 26 सीटों पर निर्विरोध प्रत्याशी चुने जा सकते हैं। महाराष्ट्र की सात, ओडिा की चार, तमिलनाडु की 6, पश्चिम बंगाल की पांच, असम की तीन, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की दो, हरियाणा की दो, हिमाचल प्रदेश की एक और तेलंगाना की दो सीटों पर चुनाव हो रहे हैं।
इन सात राज्यों में से 6 में बीजेपी का ही शासन है। 234 में से एनडीए के 134 राज्यसभा सांसद हैं। जानकारों का कहना है कि राज्यसभा में बीजेपी सांसदों की संख्या बढ़ने जा रही हैं। विपक्ष चार राज्यों में सत्ता में है और उसके पास 80 राज्यसभा सांसद हैं। बता दें कि आज ही मतगणना भी होगी।
बिहार में एनडीए को बड़ी उम्मीद
बिहार में एनडीए गुट अपनी पांचों सीटों पर जीत को लेकर आश्वस्त है। बिहार से मुख्य उम्मीदवारों में जेडीयू के नीतीश कुमार, बीजेपी के नितिन नबीन और आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और बीजेपी के महासचिव शिवेश कुमार भी चुनावी मैदान में हैं।
सभी उम्मीदवार आश्वस्त हैं कि बिहार में पांचों सीटों पर एनडीए का कब्जा होने जा रहा है। वहीं आरजेडी को एआईएमआईएम का सपोर्ट हासिल है। तेजस्वी यादव ने राज्य में एआईएमआईएम अध्यक्ष अख्तरुल इमान से बात भी की थी। पार्टी ने आरजेडी नेता अमरेंद्र धारी सिंह का समर्थन करने का फैसला किया है।
बिहार में पांच राज्यसभा सीटों के चुनाव की पूर्व संध्या पर रविवार को जोरदार राजनीतिक गतिविधियां देखने को मिलीं। इस चुनाव में सत्तारूढ़ राजग को जहां एकतरफा जीत मिलने की उम्मीद है, वहीं, राजद ने अपने एकमात्र उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) खेमे ने अपने विधायकों की कई बैठकें कीं। संसदीय कार्य मंत्री और जदयू नेता विजय कुमार चौधरी के आवास पर कम से कम दो ऐसी बैठकें की गईं। इन बैठकों में से एक में जदयू प्रमुख एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उपस्थित थे। राज्यसभा चुनाव में नीतीश ही संभवतः ऐसे उम्मीदवार हैं जिनके सबसे अधिक सुर्खियां बटोरने की उम्मीद है।
ओडिशा का हाल
ओडिशा में चार सीटों के राज्यसभा चुनाव को लेकर काफी गहमा गहमी है। कांग्रेस ने अपने एक लापता विधायक को लेकर कारण बता नोटिस जारी किया है। बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस ने रविवार को तीन विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इन विधायकों पर पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने व महत्वपूर्ण बैठकों से अनुपस्थित रहने का आरोप है।
नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद ने विधायक चक्रमणि कन्हार (बालीगुड़ा) और विधायक नव किशोर मलिक (जयदेव) को नोटिस जारी किया है। वहीं कांग्रेस ने मोहना के विधायक दशरथी गोमांगो को भी कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए रविवार शाम तक पार्टी के समक्ष उपस्थित होने को कहा है।
बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक द्वारा जारी बयान में कहा गया, ''यह पाया गया है कि बालीगुड़ा के विधायक चक्रमणि कन्हार और जयदेव के विधायक नव किशोर मलिक पिछले तीन दिनों से नवीन निवास में बीजद अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई बैठकों में शामिल नहीं हुए हैं।'
हरियाणा में रिजॉर्ट पॉलिटिक्स
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नजदीक स्थित कुफरी के दो रिजॉर्ट में ठहरे हरियाणा के 31 कांग्रेस विधायकों को राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले रविवार शाम को बारिश और ओलावृष्टि के बीच सोलन जिले के कसौली में स्थानांतरित किया गया। कांग्रेस विधायक भारी सुरक्षा काफिले के साथ तीन छोटी बसों में सवार होकर शाम लगभग 4.20 बजे कुफरी से रवाना हुए।
सूत्रों ने बताया कि चंडीगढ़ से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित कसौली के एक होटल में उनके लिए 40 कमरे बुक किए गए हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतों की गिनती उसी दिन शाम पांच बजे से शुरू होगी।
लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ें

