बंगाल के 7 अधिकारियों पर चुनाव आयोग का बड़ा एक्शन, पद से निलंबित; क्या हैं आरोप?
मामले से संबंधित एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि आयोग ने यह साफ कर दिया है कि चुनाव से जुड़े कामों में जवाबदेही सबसे जरूरी है और कानूनी शक्तियों का कोई भी गलत इस्तेमाल करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के 7 अधिकारियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) मामले में ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बरतने का हवाला देते हुए राज्य के इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आयोग ने सोमवार को बताया है कि यह करवाई तुरंत प्रभाव से लागू मानी जाएगी।
चुनाव आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 13सीसी के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए इन अधिकारियों को निलंबित किया है। इसके बाद अब पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है। आयोग ने आज जारी एक आधिकारिक बयान में कहा है कि यह कार्रवाई कानूनी जिम्मेदारियों को निभाने में देखी गई गंभीर कमियों को देखते हुए की गई है।
आयोग ने अपने बयान में कहा, ''यह कार्रवाई मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़ी कानूनी जिम्मेदारियों को निभाने में देखी गई गंभीर कमियों को देखते हुए की गई है। इस तरह का गलत काम चुनावी प्रक्रिया की ईमानदारी को कमजोर करता है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।''
आयोग ने आगे निर्देश दिया कि निलंबित किए गए अधिकारियों के खिलाफ संबंधित कैडर-नियंत्रण अधिकारियों द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाए और इसकी जानकारी आयोग को दी जाए। इस मामले से संबंधित एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “आयोग ने यह साफ कर दिया है कि चुनाव से जुड़े कामों में जवाबदेही सबसे जरूरी है। कानूनी शक्तियों का कोई भी गलत इस्तेमाल करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
निलंबित किए गए अधिकारियों में सेफौर रहमान, सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) और सहायक निदेशक, कृषि विभाग 56-समसेरगंज विधानसभा सीट, मुर्शिदाबाद जिला, नीतीश दास, राजस्व अधिकारी, फरक्का और 55-फरक्का विधानसभा सीट के लिए एईआरओ, दलिया रे चौधरी, महिला विकास अधिकारी, मयनागुड़ी विकास ब्लॉक और 16-मयनागुड़ी विधानसभा सीट के लिए एईआरओ, एस.के. मुर्शिद आलम, सहायक विकास प्रशासक (एडीए), सुती ब्लॉक और 57-सुती विधानसभा क्षेत्र के लिए एईआरओ, सत्यजीत दास, सहायक ब्लॉक विकास अधिकारी और 139-कैनिंग पुरबो विधानसभा क्षेत्र के लिए एईआरओ, जॉयदीप कुंडू, फील्ड चुनाव अधिकारी और 139-कैनिंग पुरबो विधानसभा क्षेत्र के लिए एईआरओ और देबाशीष बिस्वास, संयुक्त ब्लॉक विकास अधिकारी और 229-डेबरा विधानसभा क्षेत्र के लिए एईआरओ के नाम शामिल है।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें



