ज्ञानेश कुमार के विरोध के बीच EC का बड़ा फैसला, SIR में छूटे लोगों को फिर मौका
चुनाव आयोग ने 29 सितंबर को सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र भेजकर यह निर्देश दिया था। इसके बाद गुरुवार को राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में भी आयोग ने इस निर्देश को दोहराया।

देशभर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच चुनाव आयोग ने एक बड़ा फैसला किया है। चुनाव आयोग ने उन 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ‘स्पेशल ड्राइव’ चलाने का निर्देश दिया है, जहां SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुनावव आयोग के इस फैसले का मकसद ऐसे योग्य वोटर्स के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ना है, जो SIR के दौरान किसी वजह से छूट गए हैं या बाद में वोट देने के योग्य हुए हैं।
इसके अलावा, युवा और पहली बार मतदान करने वाले योग्य लोगों को भी वोटर लिस्ट में शामिल किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयोग ने 29 सितंबर को सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र भेजकर यह निर्देश दिया था। इसके बाद गुरुवार को राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में भी आयोग ने इस निर्देश को दोहराया।
आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों से कहा है कि, वे वोटर लिस्ट को लगातार अपडेट करने की प्रक्रिया के तहत ऐसे योग्य लोगों के नाम जोड़ने में मदद करें, जो अब तक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं।
फॉर्म 6 से वोटर लिस्ट में फिर जुड़ सकेगा नाम
जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पूरा हो चुका है, वहां मतदाता सूची में दोबारा नाम जुड़वाने के लिए लोग सामान्य फॉर्म 6 का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए SIR के दौरान लगाए गए अतिरिक्त घोषणा पत्र की जरूरत नहीं होगी। निर्वाचन आयोग ने 29 सितंबर के अपने निर्देश में साफ किया है कि SIR से जुड़ा अतिरिक्त घोषणा पत्र केवल एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान ही लागू था। एसआईआर की अवधि खत्म होने के बाद वोटर रजिस्ट्रेशन नियम, 1960 के तहत निर्धारित सामान्य फॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑनलाइन फॉर्म 6 में पहले एक सवाल शामिल था, जिसमें आवेदक से पूछा जाता था कि क्या वह या उसके माता-पिता पिछले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन(SIR) के बाद मतदाता सूची में शामिल थे। इस बदलाव पर चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आपत्ति जताई थी। अब चुनाव आयोग के नए निर्देश के बाद जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वे लोग जिनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल होने से रह गया है, सामान्य फॉर्म 6 के जरिए आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने अधिकारियों से यह भी कहा है कि वे ऐसे योग्य वोटर्स की पहचान करें, जिनके नाम किसी कारण से वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में राज्य के चुनाव अधिकारियों से कहा गया कि वे SIR से पहले और बाद की वोटर लिस्ट की तुलना करें। इसका मकसद उन वोटर्स की पहचान करना है, जिनके नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं। लेकिन उन्हें हटाने की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों को खास तौर पर ऐसे मामलों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें वोटर्स का नाम किसी दूसरी जगह की लिस्ट से नहीं जुड़ा है और वह न तो डुप्लीकेट पाया गया है और न ही उसकी मृत्यु हुई है। ऐसे वोटर्स की पहचान होने पर बूथ लेवल अधिकारियों को उनके घर जाकर फॉर्म 6 भरने और मतदाता सूची में नाम दोबारा जुड़वाने में मदद करने को कहा जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, निर्वाचन आयोग ने राज्य के चुनाव अधिकारियों से कहा है कि वोटर लिस्ट से छूटे योग्य लोगों की पहचान करने के काम में राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंटों की भी मदद ली जाए। यह कदम SIR के दौरान बड़ी संख्या में वोटर्स के नाम हटाए जाने को लेकर चल रही जांच के बीच उठाया गया है। इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 13 करोड़ नाम मतदाता सूची के ड्राफ्ट से हटा दिए गए थे।
गोवा मामले से ‘छूटे हुए’ वोटरों पर बढ़ा फोकस
यह विशेष अभियान गोवा के उन 97 लोगों के लिए भी मददगार साबित हो सकता है, जिन्हें निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों ने योग्य पाया था, लेकिन उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, गोवा में बूथ लेवल अधिकारियों को इन लोगों के घर जाकर फॉर्म जमा करने के निर्देश दिए गए थे। 26 सितंबर तक 97 में से 81 लोगों ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म 6 भर दिया था। बाद में आयोग ने बताया कि 97 में से 88 लोगों ने या तो फॉर्म 6 के लिए आवेदन कर दिया था या उनका आवेदन स्वीकार कर लिया गया था। बाकी नौ लोगों में से तीन के पास पुर्तगाली पासपोर्ट पाया गया, जबकि छह लोग भारत से बाहर रह रहे थे।
जहां SIR अभी जारी है, वहां क्या होगा?
निर्वाचन आयोग का नया निर्देश उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए है, जहां मतदाता सूची का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पूरा हो चुका है। वहीं, जिन राज्यों में SIR अभी जारी है, वहां नोटिस का सामना कर रहे वोटर्स के लिए आयोग ने कुछ राहत के उपाय तय किए हैं। 26 सितंबर की बैठक में तय किया गया कि जिन मतदाताओं को ‘अनमैप्ड’ होने का नोटिस मिला है, उन्हें हर मामले में चुनाव अधिकारियों के सामने खुद पेश होने की जरूरत नहीं होगी। बूथ लेवल अधिकारी उनके घर जाकर जरूरी दस्तावेज ले सकते हैं और उन्हें निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी की जांच के लिए ईसीआईनेट सिस्टम पर अपलोड कर सकते हैं। आयोग के मुताबिक, व्यक्तिगत सुनवाई केवल विशेष परिस्थितियों में ही की जाएगी।
चुनाव आयोग ने दिल्ली में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा बढ़ाकर 30 अक्टूबर कर दी है। वहीं, नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निपटारे की आखिरी तारीख 30 नवंबर कर दी गई है। महाराष्ट्र में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा 12 अक्टूबर तक बढ़ाई गई है, जबकि इनके निपटारे के लिए 10 नवंबर तक का समय दिया गया है।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पूरा हो चुका है। आयोग ने कहा है कि जिन योग्य लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए हैं, उनके साथ-साथ युवा और पहली बार वोट देने वाले लोग भी मतदाता सूची को लगातार अपडेट करने की प्रक्रिया के तहत अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

