बंगाल में चुनाव आयोग ही हाई-लेवल बैठक, 200 ऑफिसर संभालेंगे मोर्चा; 61 लाख केस की सुनवाई

Mar 06, 2026 07:28 am ISTHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share

गुरुवार को चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें प्रवर्तन निदेशालय, राज्य जीएसटी (SGST) और आयकर विभाग जैसी प्रमुख एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

बंगाल में चुनाव आयोग ही हाई-लेवल बैठक, 200 ऑफिसर संभालेंगे मोर्चा; 61 लाख केस की सुनवाई

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही चुनाव आयोग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। राज्य में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए आयोग की 13 सदस्यीय फुल बेंच आगामी 8 मार्च से कोलकाता के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंच रही है। इस बीच, प्रवर्तन एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे राज्य में अवैध धन और सामग्री की आवाजाही पर लगाम कसने के लिए अभी से कमर कस लें।

चुनाव प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए आयोग ने पड़ोसी राज्यों ओडिशा और झारखंड से लगभग 200 नवनियुक्त न्यायिक अधिकारियों को तैनात करने का निर्णय लिया है। ये अधिकारी बंगाल के आठ संवेदनशील जिलों उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हुगली, हावड़ा, बीरभूम, पूर्व और पश्चिम बर्धमान और नादिया में चुनावी विवादों के निपटारे की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इकोनॉमिक टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में एक अधिकारी हवाले से कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कुल 61 लाख मामलों को निपटारे के लिए भेजा गया था, जिनमें से अब तक न्यायिक अधिकारियों द्वारा 6.5 लाख मामलों का निपटारा किया जा चुका है। हालांकि, इन निपटाए गए मामलों में से कितने खारिज किए गए हैं, इसका सटीक आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं है।

गुरुवार को चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें प्रवर्तन निदेशालय, राज्य जीएसटी (SGST) और आयकर विभाग जैसी प्रमुख एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, आयोग ने इन एजेंसियों को राज्य भर में सख्त 'नाका' चेकिंग सुनिश्चित करने, दैनिक आधार पर तलाशी और जब्ती अभियान चलाने और जब्ती की रिपोर्ट नियमित अंतराल पर सीधे चुनाव आयोग को सौंपने के लिए कहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में 13 सदस्यीय दल 8 से 10 मार्च तक कोलकाता में रहेगा। इस दौरे का मुख्य आकर्षण 9 मार्च को होने वाली सर्वदलीय बैठक होगी। सुबह 10 बजे से होने वाली इस दो घंटे की बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चुनाव संबंधी चिंताओं और सुझावों पर चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा, आयोग की बेंच राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के नोडल अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक करेगी।

10 मार्च को चुनाव आयोग की टीम राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करेगी। इसमें कानून-व्यवस्था और बूथ स्तर के अधिकारियों (BLO) के साथ जमीनी स्तर की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। गौरतलब है कि बंगाल आने से पहले आयोग की टीम तमिलनाडु और असम का दौरा कर वहां की तैयारियों की समीक्षा कर चुकी है।

इस हाई-प्रोफाइल दौरे और न्यायिक अधिकारियों की तैनाती से स्पष्ट है कि चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल में एक निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।