अल नीनो अभी और बुरे दिन दिखाएगा, पहले बारिश कम हुई, अब सर्दियां कैसी गुजरेंगी?

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मानसून के बादल लौट रहे हैं। इस बार बारिश के लिए प्रसिद्ध चेरापूंजी के खासी हिल्स में भी 54 फीसदी कम वर्षा दर्ज हुई है। कैसा है देश-दुनिया का हाल? सायंतन बेरा की खास रिपोर्ट...

El nino India forecast
अल नीनो का प्रकोप जल्द ही दिखने लगेगा

दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली से अपने सामान्य समय 25 सितंबर से दो दिन पहले ही लौट गया। यह पिछले 24 सालों में राजधानी से मानसून की सबसे जल्दी वापसी है। इससे पहले साल 2002 में यह 20 सितंबर को लौटा था। इस साल मानसून 2 जुलाई को दिल्ली पहुंचने के बाद 83 दिनों तक रहा, जिससे यह 2012 के बाद से राजधानी में देखा गया सबसे छोटा मानसून बन गया है। टी यह 7 जुलाई से 25 सितंबर तक 80 दिन रहा था। कुल मिलाकर, दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर भारत के बड़े इलाके से जा चुका है।

वैसे, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस बार ठीक बारिश हुई है। दिल्ली के सफदरजंग जिले में 1 जून से 23 सितंबर तक 728.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्यतः 629.7 मिमी बारिश होती है। यह बारिश सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक थी और इसे सामान्य बारिश की श्रेणी में रखा गया है, लेकिन देश का एक बड़ा हिस्सा दिल्ली जितना खुशनसीब नहीं है। मेघों के प्रदेश मेघालय में ही सामान्य से 60 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

अल नीनो का कितना असर?

प्रशांत महासागर के उष्णकटिबंधीय क्षेत्र में चल रहा अल नीनो पहले दर्ज अल नीनो की तुलना में कहीं ज्यादा तेजी से ताकतवर होता जा रहा है। अभी असर शुरुआती है, इसके नवंबर-जनवरी के बीच चरम पर पहुंचने की आशंका है। दुनिया भर के देशों पर इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव साल 2027 में पड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। भारत के लिए, अल नीनो का पहला प्रभाव दक्षिण-पश्चिम मानसून पर पड़ा है, जिससे पिछले 11 वर्षों में हुई वर्षा को देखें, तो इस साल वर्षा में सर्वाधिक कमी हुई। अब तक दो प्रमुख राज्यों, महाराष्ट्र और कर्नाटक, ने अपने स्तर पर सूखे की घोषणा कर दी है। अभी और भी जोखिम सामने आ सकते हैं: गर्म सर्दियां, खाद्य पदार्थों की महंगाई और अगली गर्मियों में पानी की कमी।

अल नीनो कैसे आकार ले रहा है?

अल नीनो एक प्राकृतिक जलवायु घटना है। यह घटना वैश्विक मौसम पैटर्न को प्रभावित करती है, जिससे कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और बाढ़ आती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में सूखा पड़ता है या जंगल में आग लगती है। इससे मानव जनित वैश्विक तापवृद्धि का प्रभाव और बढ़ जाता है। साल 2026 में अल नीनो प्रभाव जून के महीने में शुरू हुआ और अभूतपूर्व दर से ताकतवर होता चला जा रहा है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) ने सितंबर की शुरुआत में जारी एक अपडेट में चेतावनी दी है कि अल नीनो की तीव्रता बहुत बढ़ने की आशंका है, जो इस वर्ष के अंत तक चरम पर पहुंच जाएगी और प्रभाव 2027 तक जारी रहेगा।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएमओ) की प्रमुख सेलेस्टे साउलो ने कहा है कि इस असाधारण अल नीनो के लिए असाधारण तैयारी और प्रतिक्रिया की जरूरत है। यह संयुक्त राष्ट्र निकाय के 76 साल के इतिहास में सबसे चुनौतीपूर्ण है। व्यापक रूप से उपयोग किए जाने वाले नीनो 3.4 सूचकांक के अनुसार, जो प्रशांत महासागर के एक विशेष क्षेत्र में समुद्र की सतह के तापमान को मापता है, मई-जुलाई के दौरान तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था, जो मध्य अगस्त तक बढ़कर 2.2-2.6 डिग्री सेल्सियस हो गया।

साल के अंत तक होगा मजबूत

ध्यान दें कि अल नीनो की घोषणा तब की जाती है, जब तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ जाता है। जब तापमान में असामान्यता 2 डिग्री सेल्सियस से अधिक होती है, तब इसे 'अत्यंत तीव्र' घटना के रूप में वर्गीकृत किया जाता है। मध्य सितंबर तक, असामान्यता पहले ही 3 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो चुकी थी। इस तरह की वृद्धि तब होती है, जब अत्यंत तीव्र अल नीनो अपने चरम पर होता है, आमतौर पर साल के अंत में, नवंबर-दिसंबर के आसपास। 2026-27 का अल नीनो पिछले अत्यधिक शक्तिशाली अल नीनो वर्षों (2015-16 और 1997-98) के तापमान विसंगतियों को पार कर सकता है, क्योंकि आने वाले महीनों में इसके और अधिक मजबूत होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

भारत में क्या प्रभाव पड़ा है?

जून से सितंबर तक चलने वाले मानसून के मौसम में 50 वर्षों के औसत (26 सितंबर तक) की तुलना में 12 प्रतिशत की कमी देखी गई है। भारत के लगभग 38 प्रतिशत क्षेत्र में 20 प्रतिशत या उससे अधिक की कमी देखी गई है। धान, कपास, गन्ना और मक्का जैसी फसलों की बुवाई पिछले वर्ष की तुलना में कम हुई है। उपज पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है। इससे खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ गई हैं। कर्नाटक और महाराष्ट्र के अलावा अन्य राज्य भी सूखे की घोषणा कर सकते हैं।

महंगाई रुलाएगी

अगस्त में खुदरा खाद्य मुद्रास्फीति जनवरी के 2.13 प्रतिशत के निचले स्तर से बढ़कर 5.95 प्रतिशत हो गई है। उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों से पता चलता है- चावल, चीनी, सूरजमुखी तेल, प्याज जैसी आम किराना वस्तुओं की खुदरा कीमतों में पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः 7.5 प्रतिशत, 21 प्रतिशत, 19 प्रतिशत और 101 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

क्या पानी की कमी और लू चलेगी?

सूखे और गर्म सर्दियों के बाद भीषण गर्मी पड़ने से भारत के कुछ हिस्सों में पानी की गंभीर कमी हो सकती है। ऐसा 2015-16 में हुआ था, जो पिछला अत्यंत शक्तिशाली अल नीनो वर्ष था, जब भारतीय रेलवे को सूखे क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के लिए सेवा में लगाया गया था। इसके अलावा, पानी और चारे की कमी के साथ-साथ लू चलने से पशुधन की मृत्यु दर और दुग्ध उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इसका असर प्रोटीन और दूध की कीमतों पर पड़ेगा।

शिकागो विश्वविद्यालय की जलवायु प्रभाव प्रयोगशाला ने 23 सितंबर को एक रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि इस वर्ष का अल नीनो हमारे भविष्य का एक संकेत होगा, जो जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान या वार्मिंग में वृद्धि करेगा। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अगले छह महीनों में लू से संबंधित 15,800 अतिरिक्त मौतें हो सकती हैं और 2027 की गर्मियों के आगे बढ़ने के साथ मौतों की संख्या में वृद्धि होने का अनुमान है।

आगे क्या जोखिम हैं?

सबसे बड़ा जोखिम खेती पर है। भारत की महत्वाकांक्षी इथेनॉल मिश्रण नीति की परीक्षा होगी। चीनी, मक्का और चावल, ये सभी जैव ईंधन के लिए आवश्यक फसलें हैं, जो कम बारिश के कारण उत्पादन जोखिम और बढ़ी हुई कीमतों का सामना कर रही हैं। अक्तूबर-नवंबर में शुरू होने वाली शीतकालीन फसलें जलाशयों में सामान्य से कम जल स्तर, कम मानसून के कारण मिट्टी में नमी की कमी और सामान्य से अधिक गर्म सर्दियों की आशंका के चलते खतरे में हैं। गेहूं, सरसों और चना जैसी खाद्य फसलों की बुवाई प्रभावित हो सकती है। अगर अगले वर्ष ग्रीष्म ऋतु जल्दी शुरू हो जाती है और कटाई से पहले ही भीषण गर्मी पैदावार को प्रभावित करती है, तो गेहूं की पैदावार पर गंभीर खतरा मंडराने की आशंका है। साल 2022 में मार्च-अप्रैल में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की लहर ने उत्पादन को बुरी तरह प्रभावित किया था, जिसके कारण भारत को निर्यात पर प्रतिबंध लगाने पड़े थे। ऐसे ही कदमों के लिए हमें तैयार रहना चाहिए।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअल नीनो अभी और बुरे दिन दिखाएगा, पहले बारिश कम हुई, अब सर्दियां कैसी गुजरेंगी?