भारत के लिए अल नीनो की नई चेतावनी खौफनाक, अनाज-पानी के लिए मचेगा हाहाकार
विश्व मौसम संगठन के अनुसार अल नीनो का असर सर्दियों की बारिश और तापमान पर भी पड़ेगा। नई चेतावनी में बताया गया है कि इसका प्रकोप अगले साल फरवरी तक जारी रहेगा।

विश्व मौसम संगठन (डब्ल्यूएमओ) की नई चेतावनी से अल नीनो को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। डब्ल्यूएमओ ने संभावना जताई है कि अल नीनो फरवरी, 2027 तक बना रह सकता है। अगर ऐसा होता है तो इसका असर भारत में अगले मानसून की शुरुआत तक रह सकता है। मौसम विज्ञानियों की चिंता है कि सर्दियों की बारिश और तापमान को भी मानसून प्रभावित कर सकता है।
डब्ल्यूएमओ के अनुसार, प्रशांत महासागर में इक्वेटर के पास सुमद्र का तापमान मौजूदा समय में तापमान सामान्य से तीन डिग्री तक अधिक है। इसमें बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। संभावना जताई गई है कि दिसंबर में यह उच्च स्तर पर पहुंचेगा और यह बढ़कर चार डिग्री तक पहुंच सकता है। जो अब तक का सर्वाधिक तापमान होगा। इससे पहले 2015 में अधिकतम 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी का रिकॉर्ड है। संगठन का कहना है कि दिसंबर से इसमें गिरावट का दौर शुरू होता है तो फरवरी 27 में भी यह सामान्य तापमान जो 1.6 डिग्री है, से कहीं ज्यादा बना रह सकता है।
फरवरी तक रहेगा प्रकोप
पूर्व के अनुमान में डब्ल्यूएमओ ने नवंबर में तापमान के पीक पर पहुंचने की संभावना जताई थी लेकिन नए अनुमान में दिसंबर का अनुमान लगाया गया है। इससे स्पष्ट है कि अल नीनो का दायरा विस्तृत हो रहा है। आशंकाएं हैं कि तापमान के सामान्यं स्तर तक आने में फरवरी की बजाय और आगे का समय लग सकता है। यानी मार्च-अप्रैल तक तापमान ऊंचे यानी अल नीनो की स्थिति बनी रह सकती है।
अनाज के लिए मच सकता है हाहाकार
बता दें कि अलनीनो के चलते देश में मानसूनी बारिश सामान्य से 12.6 फीसदी कम हुई है। इसके चलते देश में प्रमुख फसल धान की बुवाई 17 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में घटी है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि करीब 70 लाख टन धान उत्पादन घट सकता है। आमतौर पर 15 करोड़ टन चावल देश में पैदा होता है और खपत महज 10 करोड टन की है।
मौसम विभाग के पूर्व महानिदेशक डॉ. के.जे. रमेश ने कहा कि अल नीनो का मिश्रित असर मॉनसून पर देखा गया है जिससे धान की बुवाई में कमी आई है। लेकिन जितनी आशंका जताई जा रही थी, वैसा कुछ नहीं हुआ। फरवरी-मार्च तक स्थितियां सामान्य हो जानी चाहिए। लेकिन जहां तक सर्दियों की बारिश का सवाल है, उसमें अभी तक के पूर्वानुमान दिखा रहे हैं कि वह सामान्य से अधिक होगी।
अर्थव्यवस्था को भी नुकसान
जलवायु परिवर्तन के अर्थव्यवस्था पर प्रभावों को लेकर जारी एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एक डिग्री तापमान वृद्धि से साल 2100 तक भारत की जीडीपी को तीन फीसदी का नुकसान उठाना पड़ सकता है। इससे 2047 तक भारत की 30 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य भी खतरे में पड़ सकता है। तुर्किये में आयोजित होने वाली जलवायु वार्ता कॉप-31 से ठीक पहले क्लाइमेट ट्रेंड्स द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, अर्थव्यवस्था पर जलवायु परिवर्तन का असर दिख रहा है। इसलिए जलवायु जोखिमों से बचने के लिए देश को अधिक निवेश करने की जरूरत है।
जीडीपी में बड़ी गिरावट की आशंका
परिवर्तन विकास की रफ्तार धीमी कर रहा है और भारत की आर्थिक प्रगति पर असर डाल रहा है। तापमान में बढ़ोतरी से फसलों की पैदावार आठ फीसदी कारखानों के राजस्व में दो फीसदी की गिरावट आती है। इसके चलते भारत को 3.4 करोड़ नौकरियों के बराबर रोजगार का नुकसान हो सकता है और जीडीपी में पांच प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आ सकती है। क्लाइमेट ट्रेंड्स की निदेशक आरती खोसला के मुताबिक, “अत्यधिक गर्मी का सिर्फ एक दिन अनुमानित तौर पर 3400 अतिरिक्त मौतों का कारण बनता है। वायु प्रदूषण से 2022 में अर्थव्यवस्था को जीडीपी के 9.5 फीसदी के बराबर नुकसान हुआ।”

