
सट्टेबाजी केस में फंसे युवराज-सोनू सूद, बांग्लादेश में हिंसा के पीछे क्या खेल? टॉप 5 न्यूज
सट्टेबाजी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद, नेहा शर्मा और अन्य की संपत्तियां जब्त करते हुए बड़ा ऐक्शन लिया है।
प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कई एक्टर्स और क्रिकेटर्स के खिलाफ एक्शन लिया है। एजेंसी ने युवराज सिंह, रोबिन उथप्पा, सोनू सूद, नेहा शर्मा समेत कई अन्य की संपत्तियां जब्त कर ली हैं। वहीं दूसरी तरफ बांग्लादेश में हालात एक बार फिर बेकाबू हो गए हैं। हालिया हिंसा के पीछे बड़ी साजिश की आंशका जताई जा रही है। देश-दुनिया की पांच बड़ी खबरें पढ़िए लाइव हिन्दुस्तान के साथ…
सट्टेबाजी केस में ED का ऐक्शन,युवराज-सोनू सूद समेत कई हस्तियों की प्रॉपर्टी जब्त
सट्टेबाजी मंच ‘1एक्सबेट’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को बड़ा ऐक्शन लिया है। उसने कई क्रिकेटर्स और एक्टर्स की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। एजेंसी ने क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद, नेहा शर्मा और अन्य की संपत्तियां अटैच की हैं। इस मामले में एजेंसी कई क्रिकेटर्स और बॉलीवुड एक्ट्रेसेस से पूछताछ कर चुकी हैं, जिसके बाद संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई शुरू की गई। संघीय जांच एजेंसी ने इससे पहले इसी मामले में पूर्व क्रिकेटरों शिखर धवन और सुरेश रैना से इसी तरह पूछताछ के बाद उनकी 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। पढ़ें पूरी खबर…
नीतीश के खिलाफ महबूबा मुफ्ती की बेटी ने की शिकायत, बुर्का खींचने पर बढ़ा बवाल
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मुस्लिम महिला का बुर्का खींचने का मामला बढ़ता जा रहा है। महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इल्तिजा ने इसको लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी लिखी है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि मुस्लिम महिला का नकाब जबरन हटाकर उसके सम्मान से खिलवाड़ करने पर कोठी बाग पुलिस थाने में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस को टैग करते हुए इस मामले का संज्ञान लेने की गुजारिश भी की है। गौरतलब है कि इस मामले को लेकर नीतीश कुमार की काफी आलोचना हो रही है। पढ़ें पूरी खबर…
बांग्लादेश में जानबूझकर भड़काई गई हिंसा? भारत विरोधी माहौल बनाने के पीछे कहीं ये वजह तो नहीं?
बांग्लादेश में भारतीय मिशनों पर भीड़ के हालिया हमलों के बाद गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले साल शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद से बांग्लादेश में भारत विरोधी माहौल पनप रहा है। कट्टरपंथी इस्लामिक गुटों ने भारत के खिलाफ लगातार बयानबाजी की है। वहीं मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार माहौल को शांत करने की कोशिश में पूरी तरह विफल रही है। ऐसे में जब देश में एक बार फिर हालात बेकाबू हो गए हैं, तो मु. यूनुस की मंशा पर सवाल उठने लाजमी हैं। सूत्रों ने दावा किया है कि भारत के खिलाफ हालिया प्रदर्शनों के पीछे बड़ा खेल है। जानकारों का कहना है कि यह हिंसा अचानक नहीं हुई है, बल्कि एक सोची समझी रणनीति का हिस्सा है, ताकि डर और अस्थिरता का माहौल बना कर आने वाले चुनावों को टाला जा सके। पढ़ें पूरी खबर…
इस तरह बोलने वाला वह कौन है, बांग्लादेश में भारत विरोधी बयानों पर भड़के थरूर
बांग्लादेश में चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने गंभीर चिंता जताई है। शुक्रवार को उन्होंने कहा, 'हम चिंतित हैं। बांग्लादेश में कुछ असंयमित तत्व बड़ी मूर्खतापूर्ण बातें कह रहे हैं। आपने हाल ही में एक छात्र नेता का बयान देखा होगा जिसमें उसने कहा कि वह भारत के शेष हिस्से से सात राज्यों को अलग करने जा रहा है। वह ऐसा कौन है जो इस तरह की बात करता है? लेकिन लोग ऐसा कर रहे हैं। इसलिए हम बहुत सतर्क हैं कि ऐसे तत्व खुलेआम घूम रहे हैं।' पढ़ें पूरी खबर…
राम और हराम पर क्यों भिड़े भाजपा-AAP के नेता, समझिए पूरा संग्राम
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की जगह ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक पास किए जाने से पहले संसद के दोनों सदनों में जोरदार चर्चा हुई और पक्ष-विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी। इस बीच कई सदस्यों के भाषणों पर हंगामा भी हुआ। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की एक टिप्पणी को लेकर अब भाजपा भड़क गई है और इसे हिंदुओं का अपमान बताया है। वहीं, संजय सिंह का कहना है कि उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की बात को दोहराया है। पढ़ें पूरी खबर…

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें



