ममता बनर्जी के पूर्व मंत्री पर ED का शिकंजा, नगरपालिका भर्ती घोटाले में सुजीत बोस गिरफ्तार

Deepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
Follow us on Google News
share

ईडी ने कथित नगरपालिका भर्ती घोटाले से जुड़े पीएमएलए मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के नेता सुजीत बोस को गिरफ्तार किया है।

ममता बनर्जी के पूर्व मंत्री पर ED का शिकंजा, नगरपालिका भर्ती घोटाले में सुजीत बोस गिरफ्तार

ईडी ने कथित नगरपालिका भर्ती घोटाले से जुड़े पीएमएलए मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के नेता सुजीत बोस को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय एजेंसी ने सुजीत बोस (63) को सीजीओ परिसर ऑफिस, सॉल्ट लेक में दिनभर की पूछताछ के बाद मनी लांड्रिंग निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत हिरासत में ले लिया। इससे पहले सुजीत बोस सोमवार को कथित नगरपालिका भर्ती घोटाले के संबंध में ईडी के समक्ष पेश हुए थे। बोस अपने बेटे समुद्र बोस के साथ पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे।

कई बार किया था तलब
यह पहली बार नहीं है जब केंद्रीय एजेंसी ने दक्षिण दमदम नगरपालिका में कथित भर्ती अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में बोस को तलब किया था। सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान बोस को ईडी के कई नोटिस मिले, जिनमें से एक नोटिस नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के दिन छह अप्रैल को भी मिला।

दायर की थी याचिका
इसके बाद उन्होंने चुनाव प्रचार संबंधी प्रतिबद्धताओं का हवाला देते हुए पेशी से छूट पाने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। चुनाव के बाद बोस एक मई को सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी के समक्ष पेश हुए। एजेंसी ने कथित घोटाले के सिलसिले में बोस और उनके बेटे के स्वामित्व वाले प्रतिष्ठानों की दो बार तलाशी ली। जांचकर्ताओं ने दावा किया कि तलाशी अभियान के दौरान मामले में संलिप्तता दिखाने वाले दस्तावेज बरामद हुए।

बिधाननगर से तीन बार के विधायक सुजीत बोस हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा के शरदवत मुखर्जी से 37,000 से अधिक मतों के अंतर से हार गए। ईडी ने अक्टूबर 2025 में पूर्व मंत्री के परिसर पर छापा मारा था। गौरतलब है कि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने हालिया संपन्न विधानसभा चुनाव में सत्ता गंवा दी है। इस दौरान ममता के कई मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें