अनिल अंबानी पर ED ने और कसा शिकंजा, करीबी अमिताभ झुनझुनवाला और अमित बापना गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय ने ये कार्रवाई रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) लोन धोखाधड़ी मामले में की है।

केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अनिल अंबानी पर शिकंजा और कस दिया है। इसी सिलसिले में आडी ने रिलायंस समूह के दो पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों, अमिताभ झुनझुनवाला और अमित बापना, को गिरफ़्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, ये दोनों अनिल अंबानी के करीबी सहयोगी बताए जाते हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने ये कार्रवाई रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) लोन धोखाधड़ी मामले में की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के बाद झुनझुनवाला को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने विस्तृत पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने के अनुरोध को लेकर उन्हें अदालत के समक्ष पेश किया।
बैंक ऋण धोखाधड़ी से संबंधित केस
यह जांच अनिल अंबानी समूह की कंपनियों जैसे रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) के माध्यम से फर्जी या मुखौटा कंपनियों का इस्तेमाल करके की गई कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी से संबंधित है। झुनझुनवाला मार्च 2003 से सितंबर 2019 तक रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के निदेशक थे, जो आरएचएफएल और आरसीएफएल की होल्डिंग कंपनी है।
CBI ने भी दर्ज किया है केस
इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उद्योगपति अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) के खिलाफ एक नया आपराधिक मामला दर्ज किया था। इन पर LIC को कथित तौर पर 3,750 करोड़ रुपये का गलत नुकसान पहुंचाने का आरोप है। एजेंसी का यह कदम एक फोरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें इस टेलीकॉम कंपनी पर फंड की हेराफेरी करने और अपनी वित्तीय स्थिति को गलत तरीके से पेश करके LIC को ऊंची कीमत वाले डिबेंचर खरीदने के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया गया था।
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।


