शेखर सुमन के करीबी पर ED का ऐक्शन, अघोषित कंपनी और कई किलो सोने की बरामदगी का मामला

लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई
Follow us on Google News
share

अभिनेता शेखर सुमन के करीबी शख्स पर ईडी का ऐक्शन हुआ है। इस शख्स का नाम है धर्मेश संगानी। धर्मेश फिल्म निर्माता हैं और शेखर सुमन से जुड़े हुए हैं। 

ED action on Dharmesh Sangani

अभिनेता शेखर सुमन के करीबी शख्स पर ईडी का ऐक्शन हुआ है। इस शख्स का नाम है धर्मेश संगानी। धर्मेश फिल्म निर्माता हैं और शेखर सुमन से जुड़े हुए हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशों में अघोषित संपत्ति रखने और अन्य अनियमितताओं के आरोपों में मुंबई के एक फिल्म निर्माता और उनकी कंपनी के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत जांच शुरू कर उनके परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि इन दिनों शेखर सुमन का नया शो, ‘शेखर टुनाइट’ काफी चर्चा में है। इस शो के दौरान शेखर सुमन अपने चुटीले अंदाज में सिस्टम और सरकार पर भी तंज कसते रहते हैं।

मोबाइल फोन नीचे फेंकने की कोशिश
ईडी ने बृहस्पतिवार को मुंबई में फेमा के प्रावधानों के तहत ‘कलानी इम्पेक्स लिमिटेड’ और उसके निदेशक धर्मेश संगानी के परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। संगानी ने सुमन के सहयोग से एक फिल्म अकादमी की सह-स्थापना की थी। अधिकारियों ने आरोप लगाया कि तलाशी के दौरान संगानी ने एक इमारत की 13वीं मंजिल से अपना मोबाइल फोन नीचे फेंकने की कोशिश की, जिसे बाद में जांच अधिकारियों ने बरामद कर लिया। ईडी ने साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में संगानी के खिलाफ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। संगानी या उनकी कंपनी से तुरंत संपर्क नहीं हो सका। साथ ही फिल्म अकादमी की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

विदेशों में अघोषित संपत्ति
अधिकारियों ने कहाकि वर्तमान में की जा रही जांच संगानी और उनकी कंपनी की भूमिका तक ही सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विदेशी खरीदारों से निर्यात का पैसा प्राप्त नहीं हुआ और कंपनी ने इस संबंध में अधिक समय के लिए अधिकृत डीलर बैंक से मंजूरी भी नहीं ली थी। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान कंपनी और संगानी की विदेशों में अघोषित संपत्ति और बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज मिले।

7.4 किग्रा सोने का मामला
ईडी ने कनाडा की एक अघोषित कंपनी में संगानी की बड़ी हिस्सेदारी का भी पता लगाया है। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में कनाडा, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अघोषित बैंक खातों की पहचान की गई है। अधिकारियों ने दावा किया है कि अमेरिकी सीमा शुल्क अधिकारी आरोपी से जुड़े कुछ लेनदेन की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों ब्रिटेन के अधिकारियों ने संगानी के पास से कथित तौर पर अघोषित करीब 7.4 किलोग्राम सोना जब्त किया था। सोशल मीडिया पर इस एक्शन को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।