भारत के एयरपोर्ट खतरे में? अमृतसर में ड्रोन जैसी चीजें दिखीं, 7 उड़ानें डायवर्ट
भारत के व्यस्त एयरपोर्ट्स में शामिल पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन जैसी चीजें दिखने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसके चलते कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया है।

पंजाब में अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आपरेशनल एरिया में रविवार रात 10 बजे ड्रोन दिखने से हड़कंप मच गया। यहां दो से चार ड्रोन दिखे। इस से सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए। अमृतसर एयरपोर्ट के रनवे के आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने अलर्ट जारी कर दिया और किया और अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को दिल्ली व चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया। आधिकारिक तौर पर अभी तक अमृतसर एयरपोर्ट प्रशासन ने यह जानकारी नहीं दी है कि उड़ने वाली संदिग्ध चीजें ड्रोन थे या नहीं।
गांव रुडाला की तरफ से आए उड़ते हुए ऑब्जेक्ट
संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तुएं गांव रुडाला की तरफ से एयरपोर्ट की ओर आती दिखाई दी। ये कुछ मिनटों तक रनवे और आसपास के संवेदनशील इलाके में मंडराते रहे। इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए सीआइएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने रुडाला गांव और एयरपोर्ट से सटे सीमावर्ती इलाकों में सर्च आपरेशन शुरू कर दिया।
तकनीकी टीमों ने रडार और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर जांच की जा रही है।
ये उड़ानें की डायवर्ट
इस घटना के बाद सात उड़ानें डायवर्ट कर दी गई। इनमें मलेशिया एयरलाइंस की एमएच-118 कुआलालंपुर से अमृतसर उड़ान दिल्ली डायवर्ट की गई। इंडिगो की 6ई-5028 मुंबई से अमृतसर को चंडीगढ़, इंडिगो की 6ई-2045 दिल्ली से अमृतसर को चंडीगढ़, एअर इंडिया एआई-479 दिल्ली से अमृतसर को दिल्ली वापस भेजा गया।
एअर इंडिया एआई-855 दिल्ली से अमृतसर को दिल्ली वापस भेजा गया। इंडिगो 6ई-1428 शारजाह से अमृतसर को दिल्ली और एअर इंडिया एक्सप्रेस आईएक्स-138 शारजाह से अमृतसर उड़ान को दिल्ली डायवर्ट किया गया।
इसी साल दूसरी बार हुई हरकत
इसी साल फरवरी में भी अमृतसर एयरपोर्ट पर ड्रोन दिखने के बाद विमानों का संचालन एक घंटे के लिए रोक दिया गया था। 5 फरवरी को रात करीब 8.42 बजे एयरपोर्ट अथारिटी को ड्रोन की हलचल दिखाई दी थी, जिसके चलते सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर आवाजाही मुकम्मल तौर से बंद कर दी गई थी और दो उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा था।
पंजाब का अमृतसर शहर संवेदनशील माना जाता है क्योंकि इसकी सीमा पाकिस्तान से लगती है। यही वजह है कि यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है। ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान ने पंजाब के अमृतसर, फिरोजपुर, जालंधर में ड्रोन हमले किए थे, जिन्हें भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया था।
रिपोर्ट: मोनी देवी


