Hindi NewsIndia NewsDr Shaheen Saeed Terror Accused Life Decoded By Ex Husband Father And Brother
'शाहीन ने कभी बुर्का नहीं पहना', मुजम्मिल से मिलते ही बदल गई सोच? आतंक की आरोपी पर खुलासे

'शाहीन ने कभी बुर्का नहीं पहना', मुजम्मिल से मिलते ही बदल गई सोच? आतंक की आरोपी पर खुलासे

संक्षेप:

एनआईए ने जांच संभाल ली है। यह साजिश 26/11 जैसी सीरीज हमलों की योजना का हिस्सा बताई जा रही है। शाहीन की कहानी साबित करती है कि आतंक अब पढ़े-लिखों के बीच भी घुसपैठ कर रहा है।

Nov 13, 2025 12:43 pm ISTAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए भयानक कार बम धमाके ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। 13 लोगों की मौत और दो दर्जन से अधिक घायलों के बीच यह विस्फोट न सिर्फ एक आतंकी हमला था, बल्कि एक 'वाइट-कॉलर' आतंकी मॉड्यूल की साजिश का हिस्सा साबित हुआ। इस मॉड्यूल के केंद्र में थी एक पढ़ी-लिखी महिला डॉक्टर। इसका नाम डॉ. शाहीन सईद है। हमले के बाद लखनऊ के डालीगंज इलाके की एक संकरी गली में स्थित सैयद अहमद अंसारी का घर अचानक सुर्खियों में आ गया है। वजह- उनकी बेटी, डॉ. शाहीन सईद की गिरफ्तारी। दिल्ली से करीब 550 किलोमीटर दूर हुई इस गिरफ्तारी ने इलाके में हलचल मचा दी है। आरोप है कि डॉ. सईद का पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) की महिला विंग से संबंध है और वह भारत में उसके महिला भर्ती मॉड्यूल को सक्रिय करने की कोशिश कर रही थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

2,900 किलो विस्फोटक बरामद, साथी डॉक्टर भी गिरफ्तार

एनआईए और एटीएस की जांच के अनुसार, डॉ. सईद को तब गिरफ्तार किया गया जब फरीदाबाद के दो किराए के कमरों से 2,900 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। ये कमरे अल-फलाह यूनिवर्सिटी के एक अन्य डॉक्टर, डॉ. मुजम्मिल गनई उर्फ मुसैब, के नाम पर किराए पर लिए गए थे। बताया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला डॉ. गनई जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े वाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल का हिस्सा था।

सूत्रों के मुताबिक, डॉ. शाहीन सईद की फरीदाबाद में रजिस्टर्ड मारुति स्विफ्ट कार से एक असॉल्ट राइफल, पिस्तौल और गोला-बारूद भी बरामद हुआ। जांच एजेंसियों का दावा है कि डॉ. सईद को पाकिस्तान में जैश प्रमुख मसूद अजहर की बहन सादिया अजहर द्वारा संचालित महिला इकाई जमात-उल-मोमिनात की भारत शाखा की जिम्मेदारी दी गई थी।

परिवार को नहीं हो रहा यकीन

लखनऊ में उसके घर पर पहुंचे पुलिस और एटीएस अधिकारियों ने परिवार से पूछताछ की। डॉ. सईद के बड़े भाई मो. शोएब अंसारी ने कहा कि पुलिस ने सम्मानपूर्वक व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सामान्य तरीके से पूछताछ की। कोई जोर-जबरदस्ती नहीं हुई। सिर्फ यह पूछा कि मेरी बहन कब से घर नहीं आई थी।

शोएब ने बताया कि पिछले चार साल से उनका अपनी बहन से कोई संपर्क नहीं था। उन्होंने कहा कि हम चार साल से बात नहीं कर रहे हैं। मां-पिता कभी-कभी उसका हाल पूछ लेते थे, लेकिन हमारा आपसी संपर्क खत्म हो गया था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी अपनी बहन के लखनऊ स्थित घर को नहीं देखा। शोएब ने कहा कि मुझे बस इतना पता है कि वह आईआईएम रोड के पास रहती थी। कभी वहां गया नहीं।

पिता बोले- मेरी बेटी ऐसा नहीं कर सकती

डॉ. सईद के पिता सैयद अहमद अंसारी ने कहा- मुझे यकीन नहीं होता कि मेरी बेटी किसी आतंकी गतिविधि में शामिल हो सकती है। वह इलाहाबाद में पढ़ी, फिर फरीदाबाद में नौकरी की। उन्होंने बताया कि डॉ. सईद की शादी महाराष्ट्र के एक डॉक्टर से हुई थी, लेकिन बाद में तलाक हो गया।

पूर्व पति ने भी जताई हैरानी

करीब 90 किलोमीटर दूर कानपुर में क्राइम ब्रांच ने डॉ. शाहीन सईद के पूर्व पति डॉ. जफर हयात से पूछताछ की। डॉ. हयात ने बताया कि उन्हें शाहीन की गिरफ्तारी की खबर मंगलवार शाम को मिली। उन्होंने कहा कि हमारी शादी 2003 में हुई थी और 2012 में तलाक हो गया। हमारे बीच कभी झगड़ा नहीं हुआ। वह हमेशा परिवार और बच्चों से बहुत प्यार करती थी। मुझे कभी शक नहीं हुआ कि वह ऐसी किसी गतिविधि में शामिल हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि शाहीन ने कभी बुर्का नहीं पहना था, सिवाय शादी के समय के। उन्होंने कहा कि वह पढ़ी-लिखी, आत्मनिर्भर महिला थी। एक बार उसने ऑस्ट्रेलिया या यूरोप में बसने की बात कही थी, लेकिन मैंने मना कर दिया। हमें यहां सब कुछ अच्छा चल रहा था।

ये भी पढ़ें:दिल्ली ब्लास्ट: शाहीन के साथ कई लोगों से मिला था परवेज, ATS के सामने खोले राज
ये भी पढ़ें:कुछ बड़ा करना है... आतंकी की गर्लफ्रेंड शाहीन ने बहुत पहले ही जता दिए थे इरादे
ये भी पढ़ें:दिल्ली धमाका केस: फरीदाबाद में गिरफ्तार डॉ. शाहीन का प्रयागराज कनेक्शन आया सामने

शिक्षण संस्थान से गायब, फिर बर्खास्त

जांच में सामने आया है कि 2013 में डॉ. सईद बिना सूचना दिए कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से गायब हो गई थी, जिसके बाद 2021 में उसे औपचारिक रूप से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।

फरीदाबाद पहुंचते ही शाहीन की जिंदगी में आया डॉ. मुजम्मिल गनाई उर्फ मुसाइब। कश्मीर के पुलवामा जिले के रहना वाला मुजम्मिल भी अल-फलाह यूनिवर्सिटी में फैकल्टी सदस्य था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच निजी रिश्ता था, जो आतंकी गतिविधियों का केंद्र बना। अल-फलाह यूनिवर्सिटी में नौकरी के दौरान ही उसकी मुलाकात डॉ. मुजम्मिल के अलावा, अन्य दो डॉक्टरों से हुई, जिन्हें अब विस्फोटक बरामदगी मामले में गिरफ्तार किया गया है।

जैश के पुनर्गठन से जुड़ा बताया जा रहा मॉड्यूल

खुफिया एजेंसियों का मानना है कि यह मॉड्यूल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद जैश-ए-मोहम्मद के पुनर्गठन की कोशिश का हिस्सा है। इस ऑपरेशन के दौरान मसूद अजहर की बहन सादिया का पति यूसुफ अजहर समेत जैश के कई शीर्ष सदस्य मारे गए थे। पाकिस्तान के बहावलपुर में अक्टूबर में जैश ने औपचारिक रूप से अपनी महिला इकाई जमात-उल-मोमिनात की घोषणा की थी, जिसके बाद पाकिस्तान के कई शहरों- बहावलपुर, कराची, मुजफ्फराबाद, कोटली, हरीपुर और मंसेहरा में भर्ती की खबरें सामने आईं। जांच एजेंसियां कह रही हैं कि डॉ. सईद भारत में उसी मॉडल को दोहराने की कोशिश कर रही थी।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar
अमित कुमार एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में नौ वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। हिन्दुस्तान डिजिटल के साथ जुड़ने से पहले अमित ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है। अमित ने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला (डिजिटल) से की। इसके अलावा उन्होंने वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे मीडिया हाउस में काम किया है, जहां उन्होंने न्यूज रिपोर्टिंग व कंटेंट क्रिएशन में अपनी स्किल्स को निखारा। अमित ने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा और गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार से मास कम्युनिकेशन में मास्टर (MA) किया है। अपने पूरे करियर के दौरान, अमित ने डिजिटल मीडिया में विभिन्न बीट्स पर काम किया है। अमित की एक्सपर्टीज पॉलिटिक्स, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, इंटरनेट रिपोर्टिंग और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई है। अमित नई मीडिया तकनीकों और पत्रकारिता पर उनके प्रभाव को लेकर काफी जुनूनी हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।