Viral Video: केरल में चुनाव प्रचार कर रहे ट्रंप, पुतिन और किम जोंग उन; AI वीडियो हुआ वायरल

Mar 31, 2026 10:30 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

वायरल वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप को सफेद शर्ट, मुंडू और केसरिया स्कार्फ पहने महिंद्रा जिप्सी पर खड़े दिखाया गया है, जबकि अन्य नेता भी बाजारों और सड़कों पर वोट मांगते नजर आते हैं। वीडियो केरल की संस्कृति को सटीकता से दिखाता है।

Viral Video: केरल में चुनाव प्रचार कर रहे ट्रंप, पुतिन और किम जोंग उन; AI वीडियो हुआ वायरल

केरल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के बीच एआई से बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें दुनिया के प्रमुख नेता जैसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन को चुनावी माहौल में दिखाया गया है। इस वीडियो में ये नेता केरल के पारंपरिक कपड़ों में चुनाव प्रचार करते देखे जा सकते हैं। वीडियो को आर्टिलेंस नामक कंपनी ने बनाया है, जो अपनी सटीक सांस्कृतिक बारीकियों के लिए सराहा जा रहा है।

वायरल वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप को सफेद शर्ट, मुंडू और केसरिया स्कार्फ पहने महिंद्रा जिप्सी पर खड़े दिखाया गया है, जबकि अन्य नेता भी बाजारों और सड़कों पर वोट मांगते नजर आते हैं। यह वीडियो केरल की स्थानीय संस्कृति और व्यवहार को इतनी सटीकता से दर्शाता है कि लोग हैरान हैं। वीडियो में केवल ट्रंप ही नहीं, बल्कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की जैसे अन्य विश्व नेता भी शामिल हैं।

वीडियो देखने के बाद क्या बोले लोग

बेंजामिन नेतन्याहू को नीली शर्ट और मुंडू पहने बाजार में महिलाओं को अभिवादन करते दिखाया गया है। वीडियो में पुतिन और किम जोंग उन को भी केरल में पारंपरिक तरीके से प्रचार करते देखा जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो की सराहना कर रहे हैं कि इसमें भारतीय और खासकर केरल की संस्कृति व शिष्टाचार को बारीकी से कैद किया गया है। एक यूजर ने लिखा, 'केरल का AI कैंपेन वीडियो देखें, छोटी-छोटी डिटेल्स है। भारतीय और केरल के माहौल को देखना अद्भुत है।' यह वीडियो चुनावी माहौल को मनोरंजक बनाने का अनोखा प्रयास है।

केरल में 2026 के विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को एक चरण में होने हैं और वोटों की गिनती 4 मई को होगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। मुख्य मुकाबला वामपंथी लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के नेतृत्व में सीपीआई (एम) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) के नेतृत्व में कांग्रेस के बीच है। भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) भी चुनावी मैदान में है। ऐसे में यह AI वीडियो चुनावी चर्चा को नई दिशा दे रहा है। वीडियो यह किसी खास राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है, लेकिन वायरल होने से चुनावी हलचल बढ़ाने में मदद कर रहा है।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें