क्या Gen Z को पसंद है हिंदुत्व? बीजेपी की नई टीम तलाशेगी युवाओं के मन की बात

लाइव हिन्दुस्तान
share

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के मार्गदर्शन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में बने इस वर्किंग ग्रुप को 6 छोटे-छोटे ग्रुप में बांटा गया है।

BJP Gen-Z
बीजेपी ने 80 नेताओं का एक स्पेशल इंटरनल वर्किंग ग्रुप 'युवा संवाद' तैयार किया है।

जुलाई में नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलनों के बाद बैकफुट पर आई भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने देश की युवा पीढ़ी यानी Gen Z और पहली बार वोट देने वाले युवाओं से जुड़ाव मजबूत करने के लिए एक बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है। पार्टी ने युवा मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने और रणनीति को फिर से ट्यून करने के लिए 80 नेताओं का एक स्पेशल इंटरनल वर्किंग ग्रुप 'युवा संवाद' (Yuva Samvaad) तैयार किया है।

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के मार्गदर्शन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में बने इस वर्किंग ग्रुप को 6 छोटे-छोटे ग्रुप में बांटा गया है।

'युवा संवाद' वर्किंग ग्रुप में कौन-कौन से प्रमुख चेहरे हैं शामिल?

पार्टी ने इस पैनल में ऐसे नेताओं और सांसदों को जगह दी है, जिनकी सोशल मीडिया और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ और पहुंच है।

  • स्मृति ईरानी: पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव।
  • रवि किशन: गोरखपुर से सांसद और अभिनेता, जो हाल ही में नेटफ्लिक्स शो, पॉडकास्ट और रील्स के जरिए युवाओं में खासे ट्रेंड कर रहे हैं।
  • तेजस्वी सूर्या: बेंगलुरु दक्षिण से सांसद और भाजयुमो के प्रमुख चेहरों में से एक।
  • बांसुरी स्वराज: नई दिल्ली से सांसद।
  • हेमांग जोशी: वडोदरा से सांसद।

रिपोर्ट के 4 मुख्य बिंदु: 'क्या युवा हिंदुत्व से जुड़ते हैं?'

पिछले कुछ महीनों में वर्किंग ग्रुप की तीन बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें युवाओं के मानस को समझने के लिए तैयार रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई।

क्या युवा हिंदुत्व से जुड़ते हैं?

गोरखपुर सांसद रवि किशन ने सुझाव देते हुए कहा,"युवा जन्म से ही हिंदू हैं, इसलिए उन पर हिंदुत्व को लेकर अलग से दबाव या जोर देने की जरूरत नहीं है। इसके बजाय हमें आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक गौरव और संस्कारों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।"

'Gen Z' की जगह 'युवा' शब्द का प्रयोग: वर्किंग ग्रुप ने अंग्रेजी शब्द 'Gen Z' के बजाय भारतीय संदर्भ वाले शब्द जैसे 'युवा' या 'युवा शक्ति' का उपयोग करने की सिफारिश की है।

गलतियों को स्वीकार कर सुधरना: पार्टी नेताओं का मानना है कि युवाओं के सामने प्रामाणिक बने रहना जरूरी है। अगर कोई प्रशासनिक या राजनीतिक चूक होती है तो उसे स्वीकार कर आगे सुधार करना चाहिए।

काउंटर-प्रोटेस्ट की नई रणनीति (1:5 का अनुपात): वर्किंग ग्रुप ने तय किया कि अगर विपक्ष सड़कों पर 10,000 लोगों के साथ प्रदर्शन करता है, तो सरकार और पार्टी को उससे 5 गुना बड़ा (50,000 लोगों का) शक्ति प्रदर्शन खड़ा करना होगा।

विपक्ष के प्रदर्शनों के खिलाफ धरातल पर दिखी नई रणनीति

इस वर्किंग ग्रुप के सुझावों को हालिया राजनीतिक घटनाक्रम में तुरंत लागू भी किया गया है।

सोमवार को जब राहुल गांधी और विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च कर रहे थे, तब भाजपा ने गुजरात और असम में राहुल गांधी के खिलाफ बड़े जवाबी प्रदर्शन आयोजित किए। इसमें जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर व कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम पर लगे आरोपों का मुद्दा उठाया गया।

वडोदरा में पीएम नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के गानों और क्वीन का इस्तेमाल करके युवाओं के लिए वायरल रील्स बनाई गईं।

अगला लक्ष्य: 'तटस्थ युवा' और 'युवा महिलाएं'

आने वाले दिनों में यह 80-सदस्यीय पैनल दो विशेष वर्गों तक पहुंचने की योजना बना रहा है।

जो किसी पार्टी से बंधे नहीं हैं और मुद्दों के आधार पर राय बनाते हैं। आबादी का आधा हिस्सा होने के कारण युवा महिलाओं तक सीधे पहुंच बनाने के लिए महिला नेताओं, जैसे बांसुरी स्वराज, स्मृति ईरानी को आगे किया जाएगा।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsक्या Gen Z को पसंद है हिंदुत्व? बीजेपी की नई टीम तलाशेगी युवाओं के मन की बात