
आत्महत्या की वजह SIR को बताने के लिए डॉक्टरों को मिल रहीं धमकियां, BJP का दावा
SIR in West Bengal: तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को नदिया जिले के कृष्णनगर में विरोध मार्च निकाला। यह मार्च उस घटनाक्रम के कुछ दिन बाद निकाला गया, जब बूथ स्तर के एक अधिकारी ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी।
SIR in West Bengal: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के आरोप हैं कि डॉक्टरों पर आत्महत्या की वजह SIR बताने का दबाव डाला जा रहा है। भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी का कहना है कि कोई भी SIR के कारण आत्महत्या नहीं करता है। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि डॉक्टरों को धमकियां भी जा रही हैं। खास बात है कि बुधवार को बूथ स्तर के अधिकारियों पर 'काम का भारी दबाव' होने का आरोप लगाकर TMC ने विरोध प्रदर्शन किया था।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में पूर्व सांसद चटर्जी ने कहा, 'कोई भी SIR की वजह से सुसाइड नहीं कर रहा है...। डॉक्टरों को धमकाया जाता है कि डेथ सर्टिफिकेट देते समय उन्हें कहना होगा कि आत्महत्या SIR की वजह से की है...।'
मतदाता सूची पर आयोग का बड़ा दावा
पीटीआई भाषा के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मौजूदा मतदाता सूची में लगभग 26 लाख मतदाताओं के नाम 2002 की मतदाता सूची से मेल नहीं खा रहे हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य की नवीनतम मतदाता सूची की तुलना पिछली एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 2002 और 2006 के बीच विभिन्न राज्यों में तैयार की गई सूचियों से करने पर यह विसंगति सामने आई।
एजेंसी ने निर्वाचन आयोग के सूत्रों के हवाले से कहा, मौजूदा एसआईआर प्रक्रिया के तहत बुधवार दोपहर तक पश्चिम बंगाल में छह करोड़ से अधिक गणना प्रपत्र अपलोड कर दिए गए थे। अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, 'पोर्टल पर अपलोड होने के बाद, इन प्रपत्रों को ‘मैपिंग’ प्रक्रिया के तहत लाया जाता है, जहां इनका मिलान पिछले एसआईआर रिकॉर्ड से किया जाता है। शुरुआती निष्कर्षों से पता चलता है कि पश्चिम बंगाल में लगभग 26 लाख मतदाताओं के नामों का मिलान अब भी पिछले एसआईआर चक्र के आंकड़ों से नहीं किया जा सका है।'
टीएमसी का विरोध प्रदर्शन
तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को नदिया जिले के कृष्णनगर में विरोध मार्च निकाला। यह मार्च उस घटनाक्रम के कुछ दिन बाद निकाला गया, जब बूथ स्तर के एक अधिकारी ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। कृष्णनगर से लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा और टीएमसी युवा नेता सायोनी घोष के नेतृत्व में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता शहर की मुख्य सड़कों से होते हुए जिला प्रशासन कार्यालय के पास इकट्ठा हुए और नारे लगाए।





