एक्ट्रेस तृषा का नाम उछाल रही DMK, विजय थलपति के बारे में इस बार क्या कह दिया
इससे पहले चेन्नई में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में विजय ने मुख्यमंत्री के तौर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। इस आधिकारिक कार्यक्रम में तृषा भी शामिल हुईं और पहली पंक्ति में बैठीं नजर आईं। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं।

तमिलनाडु में विपक्षी DMK थलपति विजय पर हमलवार हो गई है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विजय के आधिकारिक कार्यक्रम में उनकी दोस्त तृषा की मौजूदगी को लेकर DMK ने विजय पर निशाना साधा है और उनकी मर्यादा पर सवाल उठा दिए हैं। DMK ने अपने समाचार पोर्टल 'मुरासोली' में अभिनेत्री की मौजूदगी को लेकर कहा है कि उस दिन जो हुआ वह विजय के वोटर्स भी नहीं पचा पाए।
मुरासोली ने अपने संपादकीय में समारोह के दौरान पहली पंक्ति में अभिनेत्री को बैठाने और बार-बार सैल्यूट करने के लिए सीएम विजय की आलोचना की। संपादकीय में इसे ‘शर्मनाक मंजर’ तक कहा गया है। DMK ने तीखा हमला बोलते हुए लिखा, "स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विजय की मर्यादा हवा में उड़ गई। बिना किसी शर्म या झिझक के, उन्होंने एक अभिनेत्री को पहली पंक्ति में बैठाया और बार-बार एक-दूसरे को सलामी दी। इस दृश्य को उन्हें वोट देने वाले लोग भी पचा नहीं सके।" मुरासोली ने लिखा, “तमिलनाडु का मुख्यमंत्री अब एक ऐसा व्यक्ति बन गया है जो इस तरह के शर्मनाक और घृणास्पद व्यवहार को बेबाकी से प्रदर्शित करके उसे सही ठहराने की कोशिश करता है।”
पहली पंक्ति में नजर आई थीं तृषा
इससे पहले चेन्नई के फोर्ट सेंट जॉर्ज में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में विजय ने मुख्यमंत्री के तौर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। इस आधिकारिक कार्यक्रम में तृषा कृष्णन पहली पंक्ति में विजय के पिता एस ए चंद्रशेखर और मां शोभा चंद्रशेखर के साथ बैठी नजर आईं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें खूब वायरल हुईं। तस्वीरों और वीडियो में तृषा, विजय के माता-पिता के साथ बातचीत करती नजर आ रही थीं। वहीं वह विजय की ओर सैल्यूट करती भी दिखी थीं।
निजी जिंदगी को लेकर मचा है विवाद
बता दें कि इससे पहले DMK नेता उदयनिधि स्टालिन पर तृषा को लेकर अपमानजक टिप्पणी के आरोप लगे थे। उन्हें चेन्नई पुलिस ने हिरासत में भी लिया था। वहीं AIADMK के एक नेता भी बीते दिनों विजय और तृषा के रिश्ते पर तंज कसते नजर आए थे। दरअसल अभिनेत्री तृषा कृष्णन और मुख्यमंत्री विजय की दोस्ती लंबे समय से चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दोनों के बीच अफेयर की भी अटकलें लगती रही हैं। हालांकि विजय और तृषा ने इन खबरों को खारिज किया है।
शादी में अनबन की खबरें
विजय और तृषा की बीच रिश्तों को लेकर अफवाहों को तब बल मिला था जब तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले विजय की पत्नी संगीता ने अदालत में तलाक की अर्जी दायर की थी। विजय की पत्नी ने उन पर क्रूरता और एकस्ट्रा मैरिटल अफेयर जैसे आरोप लगाए थे। हालांकि उन्होंने इसी महीने की शुरुआत में अपनी तलाक की अर्जी वापस ले ली।


