दीपके की CJP को DMK का समर्थन, स्टालिन राष्ट्रपति से करेंगे ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग
डीएमके की बैठक में SIR को पूरी तरह से रद्द करने, EVM की जगह फिर से बैलेट पेपर से मतदान की व्यवस्था बहाल करने और भारत के राष्ट्रपति को एक याचिका सौंपने को लेकर आम सहमति बनी।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) अध्यक्ष एम के स्टालिन की अध्यक्षता में आज चेन्नई में पार्टी की एक बैठक बुलाई गई। इस बैठक से अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। डीएमके की इस बैठक में जिसमें चार प्रस्तावों पर मुहर लगी। उनमें छात्र आंदोलन को समर्थन देने की बात भी कही गई है। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने की मांग की गई है।
शनिवार की सुबह 11:00 बजे चेन्नई के अन्ना अरिवलयम स्थित DMK मुख्यालय के मुरासोली मारन मीटिंग हॉल में DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन के नेतृत्व में DMK सांसदों की एक बैठक हुई।
कांग्रेस को डीएमके की चेतावनी
इस बैठक में एक ऐसा भी प्रस्ताव पास किया गया जिसमें कांग्रेस और विजय के नेतृत्व वाली TVK के दोहरे मापदंडों की निंदा की गई। प्रस्ताव में कहा गया है कि हाल ही में TVK के साथ मंच साझा करने वाले लोकतांत्रिक दलों ने भी सवाल उठाए हैं कि इसके प्रमुख विजय ने SIR के खिलाफ या ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर अब तक एक शब्द भी क्यों नहीं बोला है। DMK ने दोनों दलों को आगाह किया है कि वे जनता को गुमराह करना बंद करें और DMK को अकारण उकसाकर राजनीतिक टकराव न बढ़ाएं।
राष्ट्रपति से मिलेंगे डीएमके के नेता
डीएमके चुनावी अनियमितताओं को दूर करने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने की मांग करते हुए भारत के राष्ट्रपति को एक याचिका सौंपेगी। डीएमके की बैठक में SIR को पूरी तरह से रद्द करने, EVM की जगह फिर से बैलेट पेपर से मतदान की व्यवस्था बहाल करने और भारत के राष्ट्रपति को एक याचिका सौंपने को लेकर आम सहमति बनी।
पहले भी SIR का विरोध कर चुके हैं स्टालिन
डीएमके द्वारा पारित प्रस्ताव के अनुसार, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहते हुए एमके स्टालिन ने सबसे पहले जुलाई 2025 में बिहार में SIR के जरिए बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाया था। स्टालिन ने बिहार में आयोजित 'वोटर अधिकार यात्रा' में भी हिस्सा लिया था। प्रस्ताव में कहा गया है कि जब 27 अक्टूबर 2025 को निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु समेत 12 राज्यों में SIR कराने का ऐलान किया तब डीएमके ने इसका कड़ा विरोध किया।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
डीएमके का कहना है कि मॉनसून और त्योहारों के मौसम में यह प्रक्रिया व्यावहारिक नहीं है। DMK ने आरोप लगाया कि अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों के विरोध के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एकतरफा फैसले लिए। इसलिए उन्हें तुरंत पद से हटाकर उनके खिलाफ उचित जांच कराई जानी चाहिए और SIR प्रक्रिया को पूरी तरह रद्द किया जाना चाहिए।
इस बैठक के बाद डीएमके की सांसद कनिमोझी ने कहा, "जब CJP के नेताओं को गिरफ्तार किया गया था, तब भी हमने उनका समर्थन किया था। कल चेन्नई में हो रहे विरोध-प्रदर्शन में मैं खुद शामिल हुई, ताकि उनसे मिलकर यह कह सकूं कि हमारे नेता और हमारी पार्टी उनके साथ खड़ी है।"


