ध्रुव राठी ने सुनाया पुलिस हिरासत वाला किस्सा, बोले- मैंने अंडरवियर भी नहीं पहनी थी, लेटा हुआ था
ध्रुव राठी ने पुलिस हिरासत पर कहा कि थोड़ी-बहुत चोटें लगी हैं, लेकिन ओवरऑल ठीक हूं। उन्होंने कहा कि मैंने अंडरवियर भी नहीं पहनी थी। मैं लेटा हुआ था अज्ञैर मुझे घसीटा गया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश की राजधानी दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन चल रहा है। इसमें कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी), कांग्रेस समेत समूचा विपक्ष शामिल है। यूट्यूबर ध्रुव राठी भी जर्मनी से भारत आए हैं। पिछले विरोध प्रदर्शन के दौरान राठी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया और अब उन्होंने एक इंटरव्यू में पूरा किस्सा सुनाया है कि कैसे पुलिस अचानक से उन्हें हिरासत में लेने के लिए पहुंची थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अंडरवियर तक नहीं पहन रखी थी और लेटे हुए थे, जब पुलिस हिरासत में लेने के लिए आई।
'रेड माइक' से बात करते हुए ध्रुव राठी ने पुलिस हिरासत पर कहा कि थोड़ी-बहुत चोटें लगी हैं, लेकिन ओवरऑल ठीक हूं। उन्होंने कहा, ''मैंने अंडरवियर भी नहीं पहनी थी। मैं निक्कर में था और नंगे पैर था। मैं लेटा हुआ था और लेटे हुए मुझे घसीटा गया। तभी चोटें लग गईं मुझे। एक ने हाथ और दूसरे ने पैर पकड़े, जिसके बाद मुझे उठा लिया गया।''
इंटरव्यू में राठी ने आगे विरोध प्रदर्शन पर कहा कि इंडिया गेट पर जब मैं था, तभी दो बंदे मेरे पीछे आ रहे थे। एक से मैंने पूछा कि क्या है, कौन हो तुम। इस पर वह चौंक गया और फिर आगे चला गया। बेंगलुरु में जब लैंड किया, तभी से मेरा पीछा किए जा रहे थे। अभी भी बाहर खड़े होंगे। राठी ने आरोप लगाया कि यह डराने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने कहा, ''लेकिन मैंने इनसे काफी बात की तो उन्होंने कहा कि हमें ऊपर से ऑर्डर आए हैं और रिपोर्ट देनी होती है कि ध्रुव कहां-कहां गया।''
अभिजीत दीपके को मैंने लगाया फोन: ध्रुव राठी
ध्रुव राठी ने यह भी बताया कि मुझे जबसे यह प्रोटेस्ट शुरू हुआ था, तब से ही मैं इस मुद्दे को लेकर काफी पैशनेट हूं। क्योंकि अगर लोगों का वोटिंग राइट नहीं बचेगा, तो देश में लोकतंत्र नहीं है। पिछले कुछ चुनाव में होते हुए हमने यह देखा है। इस मुद्दे का समाधान निकालना बहुत जरूरी है। ऐसे मुद्दे पर वीडियो बनाते आया हूं। अब मुझे लगा कि एक स्टेप आगे बढ़ना होगा। ऐसे में अभिजीत दीपके ने ऐलान किया 10 अक्टूबर को विरोध कर रहे हैं, तो मैंने दीपके को फोन करके कह दिया कि मैं भी आना चाहता हूं। इस पर उसने जवाब दिया कि हां आओ।
पुलिस हिरासत के लिए मैं तैयार था, बोले ध्रुव राठी
ध्रुव राठी ने बताया कि वह पहले से ही पुलिस हिरासत में जाने के लिए तैयार थे। उन्होंने कहा, ''मुझे लगा था कि हिरासत में ले जाएंगे और उसके लिए मैं तैयार भी था, लेकिन मैंने यह नहीं सोचा था कि सोते-सोते बेडरूम में घुसकर मुझे किडनैप किया जाएगा। मेरे पैरेंट्स का भी फोन ले लिया गया। जब हम पुलिस थाने पहुंच गए तो वे फ्रेंडली तरीके से बिहेव कर रहे थे। सबसे पहले थाने में मुझे चप्पल दी गई, क्योंकि मुझे नंगे पैर ही उठा लिया गया था। वहां पुलिस वाले भी मुझे जानते थे और कह रहे थे कि इस बारे में ज्यादा बताऊं नहीं, क्योंकि तब उनकी नौकरी खतरे में आ जाएगी। मुझे पुलिसवालों पर बहुत तरस आया, क्योंकि मैं तो बस 24 घंटे के लिए ही कैदी था, लेकिन वे तो पूरी जिंदगी के लिए कैदी बन गए हैं। उन्हें अपने परिवार से मिलने का मौका सिर्फ वीकेंड पर ही मिल पाता है। 14-15 घंटे पुलिसवालों को ड्यूटी करनी होती है।''


