जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले ही ध्रुव राठी हिरासत में, गुरुग्राम वाले घर से पुलिस ने उठाया
सीजेपी के जंतर-मंतर वाले प्रदर्शन से एक दिन पहले ही भारत पहुंचे यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम स्थित आवास से ही हिरासत में ले लिया गया है। वह एक दिन पहले इंडिया गेट भी गए थे।

सीजेपी के जंतर-मंतर वाले प्रदर्शन से एक दिन पहले ही भारत पहुंचे यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम स्थित आवास से ही हिरासत में ले लिया गया है। वह एक दिन पहले इंडिया गेट भी गए थे। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस की टीम सुबह-सुबह ही उनके सेक्टर 56 स्थित केंद्रीय विहार आवास पर पहुंची थी। पुलिस जबरन उनक घऱ में घुसी और ध्रुव राठी को हिरासत में ले लिया। उस समय घर पर उनकी मां भी मौजूद थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस की टीम में करीब 50 सदस्य थे। हालांकि इसपर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं सामने आई है।
8 अक्टूबर को ही भारत लौटे हैं ध्रुव राठी
ध्रुव राठी 8 अक्टूबर को ही भारत पहुंचे हैं। सबसे पहले वह बेंगलुरु में सीईसी ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके बाद 9 अक्टूबर की रात वह दिल्ली पहुंचे। इंडिया गेट से उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया था। इसके बाद वह गुरुग्राम स्थित अपने घर चले गए थे और शनिवार को जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में पहुंचने वाले थे।
ध्रुव राठी की नागरिकता को लेकर सवाल
यूट्यूबर ध्रुव राठी की नागरिकता को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। बेंगलुरु के पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने आठ अक्टूबर को यहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में हुए प्रदर्शन में शामिल यूट्यूबर ध्रुव राठी की नागरिकता, आव्रजन स्थिति और वीजा शर्तों के अनुपालन की जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।
केंद्रीय गृह सचिव को लिखे पत्र में राव ने कहा कि राठी, जिनके बारे में माना जाता है कि वह जर्मनी के नागरिक हैं, ने अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज और अन्य लोगों के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया था और एसआईआर को लेकर भारत के निर्वाचन आयोग की आलोचना की थी। राव को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।
राव ने पत्र में कहा, ''विशिष्ट मुद्दा यह है कि क्या किसी विशेष वीजा, आव्रजन अनुमति या अन्य दर्जे के आधार पर भारत में मौजूद कोई विदेशी नागरिक भारत की संवैधानिक और वैधानिक संस्थाओं के कामकाज से संबंधित किसी संगठित राजनीतिक प्रदर्शन में भाग लेने, उसे संबोधित करने या उससे किसी अन्य रूप में जुड़ने का कानूनी रूप से हकदार है।''
उन्होंने मंत्रालय से राठी की मौजूदा नागरिकता और राष्ट्रीयता, भारत में प्रवेश के लिए इस्तेमाल किए गए पासपोर्ट, देश में प्रवास के लिए इस्तेमाल किए जा रहे वीजा या अन्य अनुमति की श्रेणी, भारत आने के घोषित उद्देश्य और उनके अधिकृत प्रवास पर लागू शर्तों की पुष्टि करने का अनुरोध किया।
राव ने की थी ऐक्शन की मांग
उन्होंने यह भी जांच करने की मांग की कि क्या लागू आव्रजन और वीजा नियमों के तहत राठी को प्रदर्शन में शामिल होने और उसे संबोधित करने की अनुमति थी तथा क्या इसके लिए पहले से मंजूरी लेना आवश्यक था। राव ने कहा कि यदि विदेशी अधिनियम 1946, वीजा शर्तों, आव्रजन नियमों, ओसीआई नियमों या अन्य लागू कानूनों का कोई उल्लंघन पाया जाता है, तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

