ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लड़ाई तेज; अभिजीत दीपके को मिला ध्रुव राठी का साथ, बेंगलुरु में हल्ला बोल
कॉकरोच जनता पार्टी 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में प्रदर्शन करने वाली है। इससे पहले अभिजीत दीपके ने एक वीडियो शेयर करके ध्रुव राठी के इस प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान किया है। उन्होंने राठी के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ प्रदर्शन लगातार तेज हो रहे हैं। देश का मुख्य विपक्षी गठबंधन पिछले दो दिनों से राजधानी दिल्ली की सड़कों पर हल्ला बोल रहा है। दूसरी तरफ कॉकरोच जनता पार्टी एक दूसरे मोर्चे के साथ कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मोर्चा खोल रही है। सीजेपी के संयोजक अभिजीत दीपके को इसमें मोदी सरकार के कटु आलोचक यूट्यूबर ध्रुव राठी का साथ मिल गया है। दीपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें ध्रुव राठी, प्रकाश राज, आशुतोष रांका, जुबैर समेत कई बड़े चेहरे बैठे हुए नजर आ रहे हैं। बता दें, 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन करने का ऐलान करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन करने वाली है।
ध्रुव राठी ने दिया अभिजीत दीपके साथ
कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके और ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें दीपके कहते सुनाई देते हैं कि वह कल के प्रोटेस्ट के लिए बेंगलुरु में हैं। लेकिन इसके पहले वह सभी के लिए एक सरप्राइज लाए हैं। इसके बाद ध्रुव राठी दिखाई देते हैं। राठी ने कहा, "यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। कल आठ अक्तूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में मिलते हैं।" इसके बाद उन्होंने दिल्ली के जंतर मंतर प्रोटेस्ट का भी जिक्र किया। इसके बाद अभिनेता प्रकार राज ने फिल्मी अंदाज में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ निशाना साधा।
अभिनेता प्रकाश राज, अभिजीत दीपके, ध्रुव राठी, रत्ना सिंह, सौरव दास, जुबैर समेत तमाम लोगों को मोदी सरकार का कटु आलोचक माना जाता है। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है, ऐसे में इस प्रदर्शन को प्रशासन का समर्थन मिलने की संभावना भी बनी हुई है। दूसरी तरफ दिल्ली में इस वक्त लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे पर संघर्ष कर रहे हैं।
बता दें, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार खिलाफ एक खोजी रिपोर्ट सामने आने के बाद राजनैतिक गलियारों में उथल-पुथल मची हुई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने के बाद उत्साहित कॉकरोच जनता पार्टी ने इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद सीईसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दलों ने भी सरकार से सवाल करते हुए इस मामले में ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगना शुरू कर दिया। पिछले दो दिनों से राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष के तमाम सांसद और नेता दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कॉकरोच जनता पार्टी पहले ही जंतर मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रोटेस्ट करने की बात कर चुकी है।


