धर्मेंद्र प्रधान ने खुद मोर्चा संभाला, कहा- सरकार चर्चा को तैयार, लेकिन राहुल तमाशा कर रहे
Dharmendra Pradhan News: शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक पर रोक की मांग को लेकर विपक्ष और आंदोलनकारियों के निशाने पर चल रहे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को खुद सामने आकर मोर्चा संभाल लिया है।

Dharmendra Pradhan News: कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च और पीएम नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेपर लीक और छात्र आंदोलन के मुद्दे पर खुद सामने आकर मोर्चा संभाल लिया है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक रोकने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन और कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष धर्मेंद्र प्रधान के ही इस्तीफे की मांग कर रहा है। पीएम आवास पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन के बाद मंगलवार रात धर्मेंद्र प्रधान ने एक्स पर एक पोस्ट में कांग्रेस और राहुल पर छात्रों का राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप लगाया है। प्रधान ने राहुल पर तीखे हमले करते हुए कहा कि सरकार सदन में नीट समेत छात्रों की दूसरी जायज चिंताओं पर चर्चा के लिए तैयार है और इसकी जानकारी देने के बाद भी कांग्रेस ने तमाशा करना चुना।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा है कि राहुल गांधी और कांग्रेस संसद के मानसून सत्र को बिगाड़ने के लिए बेशर्मी से छात्रों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं। प्रधान ने पीएम आवास के बाहर हुए प्रदर्शन के लिए कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा है कि राहुल गांधी यह सब छात्रों के लिए नहीं कर रहे हैं, बल्कि सरकार द्वारा बातचीत के सारे दरवाजे खोलने के बाद गतिरोध पैदा करने के लिए कर रहे हैं। पीएम आवास के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बात करने गए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की बात को एक तरह से दोहराते हुए प्रधान ने कहा कि सरकार की तरफ से चर्चा के लिए तैयार होने की जानकारी देने के बावजूद कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बदले राजनीतिक तमाशा चुना।
शिक्षा मंत्री ने कहा है कि सरकार नीट और युवाओं की बाकी जायज मांगों पर सदन में चर्चा के लिए 100 फीसदी तत्पर है। विपक्ष समेत आंदोलनकारी संगठनों को निशाने पर लेते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भारत के छात्र किसी राजनीतिक अभियान में इस्तेमाल होने से ज्यादा के हकदार हैं। छात्र अराजकता के बदले निश्चितता, नारे के बदले समाधान और व्यवधान के बदले जिम्मेवारी के हकदार हैं। प्रधान ने कहा कि छात्रों को लेकर हमारी जवाबदेही है। हमारी सरकार प्रतिबद्ध है कि हम छात्रों को जवाब, सुधार और जवाबदेही देंगे।
राहुल बोले, इंसाफ की लड़ाई नहीं रुकेगी
हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि सरकार चाहे कुछ भी कर ले, इंसाफ की लड़ाई नहीं रुकने वाली है। उन्होंने कहा, ‘मोदी जी, हर जोर आजमा लो, सारी ताकत लगा लो - छात्रों के इंसाफ की ये लड़ाई अब रोके न रुकेगी।’ कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी को बलपूर्वक और घसीटते हुए उठाया गया, जिससे उन्हें नाक में चोट भी आई। हिरासत में लिए जाते समय प्रियंका गांधी ने ‘नरेन्द्र मोदी कायर हैं’ का नारा भी लगाया। हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव को मॉडल टाउन इलाके में छत्रसाल स्टेडियम ले जाया, जबकि पुलिस प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने ले गई।
सोनिया ने की प्रियंका से मुलाकात
बाद में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी भी मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं और प्रियंका गांधी से मुलाकात की। कुछ देर के बाद कांग्रेस नेताओं को रिहा कर दिया गया। मंदिर मार्ग थाने से बाहर आने के बाद प्रियंका गांधी ने संवाददाताओं से कहाकि जब हम संसद में चर्चा चाहते हैं, चर्चा नहीं की जाती है जब नेता विपक्ष संसद में अपनी बात रखना चाहते हैं, उन्हें मौका नहीं दिया जाता, इसलिए आज हम वहां पहुंच गए, जहां सरकार को उम्मीद ही नहीं थी। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दे रहे कांग्रेस और विपक्षी दलों के सांसदों को पुलिस ने घसीटकर हिरासत में लिया तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी बलपूर्वक वहां से ले जाया गया।
खरगे ने कहा-तानाशाह सरकार कांप रही
खरगे ने कहाकि तानाशाह सरकार डर कर कांप रही है और सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर करोड़ों बच्चों का भविष्य बिगाड़ दिया। उन्होंने दावा किया कि 150 से अधिक पेपर लीक हुए और 25 बच्चों की जान चली गई और जब छात्र न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे तो उन पर लाठीचार्ज किया गया और डंडे बरसाए गए। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि संसद के गेट बंद कर सांसदों को कैद किया गया, साझा विपक्ष की चर्चा की मांग नहीं मानी गई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त नहीं किया गया।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


