प्रधान का इस्तीफा CJP आंदोलन की असली सफलता नहीं, बल्कि... गांधीजी के पड़पोते ने अभिजीत दीपके से क्यों कहा?
तुषार गांधी ने कहा कि तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा युवा आंदोलन की असली सफलता नहीं है, बल्कि असली उपलब्धि यह थी कि सरकार जवाब देने के लिए मजबूर हुई, जो उसने पिछले 12 वर्षों में कभी नहीं किया था।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके ने बुधवार (19 अगस्त) को प्रदर्शनकारियों को देशद्रोही, अराजकतावादी और हिंसक बताने वाले कुछ वर्गों पर पलटवार करते हुए दावा किया कि महात्मा गांधी के परिवार के सदस्य हमारे साथ खड़े हैं, जो हमारी देशभक्ति का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने विरोधियों पर तंज कसते हुए दावा किया कि इससे बड़ी देशभक्ति का और क्या प्रमाण हो सकता है कि गांधी जी के पड़पोते उनके साथ हैं। दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में अपने आवास पर महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
दीपके ने कहा, ''यह गर्व की बात है कि महात्मा गांधी का परिवार हमारे साथ खड़ा है। आंदोलन के दौरान हमें देशद्रोही, अराजकतावादी और हिंसक लोग कहा गया। लेकिन आज तुषार गांधी हमारे साथ खड़े हैं, जो इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि हम शांतिप्रिय, अहिंसक और देशभक्त हैं। मुझे उम्मीद है कि जिन लोगों ने हम पर आरोप लगाए थे, उन्हें आज जवाब मिल गया होगा।''
जब दुनिया गांधीजी से सीखती है…
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस विचारधारा ने महात्मा गांधी की हत्या की, वह कई वर्षों से उनके विचारों को खत्म करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, "लेकिन गांधीजी की विचारधारा इस देश की आत्मा है। हमारा आंदोलन सफल रहा क्योंकि हम महात्मा गांधी के रास्ते पर चले। हमने दिखाया है कि उनके विचार कभी खत्म नहीं हो सकते। पहले हमारी तुलना नेपाल और बांग्लादेश से की जाती थी। लेकिन जैसा कि मैंने पहले कहा, जब दुनिया गांधीजी से सीखती है, तो कहीं और देखने की जरूरत नहीं है।''
मुलाकात का वीडियो किया साझा
बाद में अभिजीत दीपके ने तुषार गांधी से मुलाकात का एक वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर साझा किया और लिखा, “महात्मा गांधी के पड़पोते @TusharG सर की अपने घर पर मेज़बानी करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी। आपके हौसला बढ़ाने वाले शब्दों के लिए धन्यवाद, सर। कॉकरोच हमेशा बापू द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलेंगे।”
युवा आंदोलन की असली सफलता क्या?
तुषार गांधी ने कहा कि तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा युवा आंदोलन की असली सफलता नहीं है, बल्कि असली उपलब्धि यह थी कि सरकार जवाब देने के लिए मजबूर हुई, जो उसने पिछले 12 वर्षों में कभी नहीं किया था। उन्होंने कहा, ''मैं अधिकारों के लिए लड़ी जाने वाली हर लड़ाई में शामिल होता हूं। मैं यहां भी भाग लूंगा, लेकिन यह लड़ाई 'जेन Z' (Gen Z) की है, और मैं एक समर्थक के तौर पर भूमिका निभा सकता हूं।''
कोई सवाल उठा रहा है
तुषार गांधी के अनुसार, 'जेनरेशन अल्फा' (Generation Alpha) ने भी अपने अधिकारों के बारे में सवाल उठाना शुरू कर दिया है, जो CJP के आंदोलन का एक सफल परिणाम है। उन्होंने कहा, ''CJP द्वारा शुरू किए गए आंदोलन को महाराष्ट्र से समर्थन मिल रहा है। जेन अल्फा (Gen Alpha) भी अपनी समस्याओं के बारे में सवाल पूछ रही है। यह CJP की सबसे बड़ी कामयाबी है कि कोई सवाल उठा रहा है।''
रिजिजू झूठ बोल रहे हैं
बुधवार को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान किसी की जान नहीं गई, जबकि कांग्रेस सरकारों के समय पुलिस फायरिंग में कई लोग मारे गए थे। उनकी इस बात पर प्रतिक्रिया देते हुए तुषार गांधी ने रिजिजू पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा, ''यह साफ़ है कि किरेन रिजिजू ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि वह सरकार के प्रतिनिधि हैं। हमें युवाओं के धैर्य की तारीफ़ करनी चाहिए। अगर किरेन रिजिजू हमसे यह कहना चाहते हैं कि (आंदोलन के दौरान) पुलिस ने हिंसा नहीं की, तो वह झूठ बोल रहे हैं।''


