
DGCA ने इंडिगो के CEO को भेजा कारण बताओ नोटिस, उड़ान में व्यवधान पर 24 घंटे में मांगा जवाब
इंडिगो ने शुक्रवार को 1,600 और शनिवार को 800 से अधिक उड़ानें रद्द कीं। इससे देश भर के हवाई अड्डों पर हजारों यात्री फंस गए। मालूम हो कि इंडिगो एक दिन में देश भर में 2,300 उड़ानें संचालित करती है। इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ा।
विमानन नियामक डीजीसीए ने इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें उड़ानों में भारी व्यवधान को लेकर जवाब मांगा गया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। लगातार पांच दिनों से इंडिगो की उड़ानों में काफी व्यवधान आ रहा है। सैकड़ों उड़ानें रद्द हो रही हैं और विमानों के परिचालन में देरी हो रही है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी हो रही है। सूत्रों ने बताया कि नोटिस में नियामक ने कहा कि बड़े पैमाने पर परिचालन विफलताएं योजना, निरीक्षण और संसाधन प्रबंधन में महत्वपूर्ण खामियों का संकेत देती हैं।

नोटिस में कहा गया है, ‘सीईओ के रूप में आप एयरलाइन के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन आप विश्वसनीय संचालन के लिए समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने और यात्रियों को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के अपने कर्तव्य में विफल रहे हैं।’ नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने भी एल्बर्स से 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है।
नोटिस में क्या कहा गया
नोटिस में उल्लेख किया गया कि एयरलाइन के लिए मंजूर FDTL (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) योजना के सुचारू कार्यान्वयन को लेकर संशोधित आवश्यकताओं को पूरा करने के वास्ते पर्याप्त व्यवस्था का प्रावधान नहीं किया गया, जो उड़ान में व्यवधान का मुख्य कारण है। नियामक ने इंडिगो के जवाबदेह प्रबंधक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया और इस पर जवाब मांगा है।
इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश भर के हवाई अड्डों पर सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। चालक दल की कमी के कारण उड़ान संचालन में भारी व्यवधान के बीच इंडिगो ने सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दीं। इंडिगो ने शुक्रवार को 1,600 और शनिवार को 800 से अधिक उड़ानें रद्द कीं। इससे देश भर के हवाई अड्डों पर हजारों यात्री फंस गए। इंडिगो एक दिन में देश भर में 2,300 उड़ानें संचालित करती है।





