
इंडिगो पर 22 करोड़ का जुर्माना, CEO को भी चेतावनी; फ्लाइट कैंसलेशन मामले में DGCA का ऐक्शन
तीन से पांच दिसंबर के बीच बड़े पैमाने पर कैंसल हुईं इंडिगो की फ्लाइट्स के मामले में डीजीसीए ने बड़ा ऐक्शन लिया है। रेग्युलेटर ने एयरलाइंस कंपनी पर 22 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने दिसंबर में बड़े पैमाने पर कैंसल हुईं फ्लाइट्स के मामले में इंडिगो एयरलाइन पर 22.2 करोड़ का जुर्माना लगाया है। साथ ही, कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स को भी चेतावनी दी गई है। इंडिगो के एक वरिष्ठ अधिकारी को हटाने का भी आदेश दिया गया है। यह जानकारी शनिवार को रेगुलेटर ने एक बयान जारी करके दी। डीजीसीए ने यह ऐक्शन 3-5 दिसंबर के बीच बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित करने के एक महीने से ज्यादा समय बाद लिया है।
पिछले महीने की शुरुआत में इंडिगो की 2,507 उड़ानें रद्द हुई थीं और 1,852 उड़ानों में देरी हुई थी। बयान के अनुसार, ''डीजीसीए ने इंडिगो को ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर के सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट को मौजूदा ऑपरेशनल जिम्मेदारियों से मुक्त करने का निर्देश दिया है। इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स को फ्लाइट ऑपरेशंस और क्राइसिस मैनेजमेंट पर अपर्याप्त ओवरऑल निगरानी के लिए चेतावनी दी है।''
मामले की जांच भी हुई थी और कमेटी के अनुसार, इस रुकावट के मुख्य कारण ऑपरेशंस का ओवर-ऑप्टिमाइजेशन, रेगुलेटरी तैयारियों में कमी, सिस्टम सॉफ्टवेयर सपोर्ट में कमियां, मैनेजमेंट स्ट्रक्चर में खामियां और एयरलाइन की तरफ से ऑपरेशनल कंट्रोल में कमी थी। डीजीसीए के 22.2 करोड़ के जुर्माने में 68 दिनों तक नियमों का पालन न करने पर 30 लाख का रोजाना का जुर्माना शामिल है। कुल जुर्माने में 1.8 करोड़ के एक बार के सिस्टमैटिक जुर्माना भी शामिल हैं।
प्रभावित सभी यात्रियों के पैसे वापस कर दिए
इससे पहले, डीजीसीए ने शुक्रवार को कहा कि घरेलू विमानन कंपनी, इंडिगो ने तीन से पांच दिसंबर के बीच उड़ान रद्द होने से प्रभावित सभी यात्रियों के पैसे वापस कर दिए हैं। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा, ‘‘डीजीसीए तीन से पांच दिसंबर के बीच परिचालन रुकावटों से प्रभावित यात्रियों को वापस की जाने वाली राशि और मुआवजे के संबंध में घरेलू विमानन कंपनी इंडिगो के साथ लगातार बातचीत कर रहा है।’’ नियामक ने एक बयान में कहा, ‘‘इंडिगो ने बताया कि तीन दिसंबर से पांच दिसंबर के दौरान इंडिगो उड़ानों के रद्द होने के प्रभावित यात्रियों को पैसे वापस का काम पूरा हो गया...।’’
5,000 रुपये के दो यात्रा वाउचर दे रही कंपनी
इसके अलावा, एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए एक और कदम उठाया है। इसके तहत इंडिगो 12 महीने की मान्य अवधि के साथ 5,000 रुपये के दो यात्रा वाउचर दे रही है। डीजीसीए के नियमों के मुताबिक, यात्रियों को उन ‘सुविधाओं’ के लिए मुआवजा मिलना चाहिए जो एयरलाइंस द्वारा ‘बोर्डिंग से मना करने, उड़ान रद्द करने और उड़ान में देरी’ के कारण यात्रियों को दी जाती हैं। केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने नौ दिसंबर को संसद को बताया था कि ‘इंडिगो को तुरंत ‘रिफंड’ जारी करने का आदेश दिया गया था और 750 करोड़ रुपये से ज्यादा पहले ही यात्रियों तक पहुंच चुके हैं।’’

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



