इनकी हालत 'गजनी' जैसी हो गई, उद्धव और राज ठाकरे के मार्च के बाद देवेंद्र फडणवीस ने कसा तंज
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के नेतृत्व में मुंबई में एसआईआर और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च निकाला गया। इसको लेकर देवेंद्र फडणवीस ने तंज कसा और उद्धव ठाकरे को गजनी बता दिया।

शिवसेना (UBT) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना चीफ राज ठाकरे के मार्च को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तंज कसा है। उन्होंने हा कि इनकी हालत गजनी जैसी हो गई है। उन्होंने कहा, मैं इन गजनियों को याद दिलाना चाहता हूं कि ज्ञानेश कुमार 2025 में मुख्य चुनाव आयुक्त बने थे। वहीं महाराष्ट्र में 2024 में चुनाव हुए और 2026 में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हुई। आपको बता दें कि गजनी एक फिल्म आई थी जिसमें आमिर खान ने ऐसे शख्स का अभिनय किया था जिसे शॉर्ट टर्म मेमरी लॉस की दिक्कत थी और सब कुछ भूल जाता था।
फडणवीस ने कहा, इन लोगों को इतना तो पता होगा कि 2025 में सीईसी बनने वाला शख्स 2024 के चुनवा को कैसे प्रभावित कर देगा। फडणवीस ने एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, "यह मार्च अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश थी। इतनी चर्चा के बावजूद मार्च में लोगों की संख्या कम थी।"
मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
इससे पहले दिन में शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने मेट्रो सिनेमा से विरोध मार्च का नेतृत्व किया। मार्च दक्षिण मुंबई में थोड़ी दूरी तय करते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय तक पहुंचा। प्रदर्शन में, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की गई।
शरद पवार की पार्टी ने भी लिया हिस्सा
कांग्रेस नेताओं बालासाहेब थोराट और विजय वडेट्टीवार के साथ-साथ शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के जयंत पाटिल, शशिकांत शिंदे, जितेंद्र आव्हाड और अनिल देशमुख ने भी रैली में हिस्सा लिया।
मुंबई पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मुंबई पुलिस ने रविवार को शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के नेतृत्व में सुबह निकाले गए विरोध मार्च के आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए कहा कि इसे आवश्यक अनुमति के बिना निकाला गया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया ने कहा, ''आज आवश्यक अनुमति के बिना मार्च निकालने के लिए आयोजकों के खिलाफ आजाद मैदान थाने में मामला दर्ज किया गया है।''

