गुस्सैल हो गई थी सिया, परिवार ने FIR में बताया केतन को लोहगढ़ जाने के लिए कैसे मनाया
पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में मृतक के परिवार ने सिया के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि उनकी बेटे के मर्डर के पहले सिया और चेतन ने सोच समझ कर साजिश रची थी। सिया लगातार बेटे पर लोहगढ़ जाने के लिए दबाव बना रही थी।

Ketan Agarwal murder case: पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड के मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस हिरासत में मौजूद सिया और चेतन चौधरी लगातार हत्या की प्लानिंग को लेकर अपनी कहानी बता रहे हैं। इसी बीच केतन अग्रवाल के परिवार ने सिया और चेतन के खिलाफ दर्ज एफआईआर में कई खुलासे किए हैं और सिया के खिलाफ कई आरोप भी लगाए हैं। इसमें दावा किया गया है कि कैसे जब 4 जून को केतन ने सिया को लोहगढ़ ले जाने से इनकार कर दिया था, तो वह गुस्सा हो गई थी और उसका व्यवहार असामान्य हो गया था।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की खौफनाक साजिश का शिकार हुए केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने 23 जून को थाने में जाकर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। इसमें उन्होंने दावा किया है कि केतन ने परिवार से इस बात कहा था कि सिया का व्यवहार सही नहीं रहा है। वह छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा हो जाती है और बेवजह झगड़ा कर लेती है।
सिया ने बाली प्लान को कर दिया खराब
एफआईआर के मुताबिक, 31 मई को केतन के साथ लोहगढ़ किला घूमने गई सिया ने 4 जून को एक बार फिर से लोहगढ़ जाने की इच्छा जताई थी। चूंकि, केतन, उसकी बहन और सिया को बाली जाना था, इसलिए केतन ने दोबारा लोहगढ़ जाने से इनकार कर दिया। इससे सिया बहुत नाराज हो गई थी। इसके बाद इंडोनेशिया के लिए निकलने के दौरान सिया ने केतन का पासपोर्ट छिपा दिया, जिससे उनकी इंडोनेशिया यात्रा रद्द हो गई।
लोहगढ़ जाने का दबाव बना रही थी सिया
लोहगढ़ जाने के लिए बार-बार दबाव बना रही थी सिया-FIR में केतन के पिता ने आरोप लगाया है कि सिया बार-बार केतन के ऊपर लोहगढ़ चलने का दबाव बना रही थी। जब केतन इससे इनकार कर देता, तो वह नाराज हो जाती थी। बाली की ट्रिप कैंसिल होने के बाद सिया ने एक बार फिर से लोहगढ़ किला जाने के लिए कहा। 14 जून को केतन उसे लेकर एक बार फिर से लोहगढ़ किला पहुंचा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहीं पर सिया ने उसे धक्का देकर नीचे गिराने की कोशिश की, लेकिन वह पेड़ का सहारा लेकर बच गया, जिससे सिया का प्लान फेल हो गया।
14 जून को प्लान फेल
14 जून के बाद सिया ने एक बार फिर से लोहगढ़ जाने की बात कही। केतन को लगा कि सिया को प्राकृतिक सुंदरता देखना ज्यादा पसंद है इसलिए वह बार-बार लोहगढ़ जाने की बात कह रही है। इस बार सिया ने अपने जन्मदिन का बहाना बनाया। उसने कहा कि 19 को उसका जन्मदिन है, तो वह 18 को बर्थडे ट्रैक करने के लिए लोहगढ़ चलेंगे।
केतन की मां को फोन पर लोहगढ़ भेजने के लिए मनाया
एफआईआर के मुताबिक, 17 जून की रात उसने केतन और उसकी मां से फोन पर बात की और अपने जन्मदिन के लिए उन्हें लोहगढ़ ले जाने के लिए राजी कर लिया। केतन की मां ने पहले इसके लिए इनकार किया लेकिन सिया की जिद के बाद उन्होंने हामी भर दी। इसके बाद 18 जून केतन अपनी लाल रंग की महिंद्रा इलेक्ट्रिक कार से सिया को लेकर लोहगढ़ पहुंचा। इसके बाद परिवार के पास सीधा 10:45 सुबह सिया का फोन आया कि केतन खाई में गिर गया है। इसके बाद में केतन को मृत घोषित कर दिया गया।
चेतन चौधरी का जिक्र करती थी सिया
केतन के परिवार ने आरोप लगाया है कि केतन कभी-कभी इस बात का जिक्र करता था कि सिया का फोन व्यस्त जाता है। इतना ही नहीं कई बार वह अपने दोस्त चेतन चौधरी के नाम का भी जिक्र किया करती थी। शुरुआत में परिवार को लगा कि दोस्त होगा लेकिन धीरे-धीरे उन्हें शक हुआ कि यह कोई प्रेम प्रसंग भी हो सकता है। हालांकि, जब तक उन्हें इस बात का पता चल पाता, तब तक यह पूरा घटनाक्रम हो चुका था।
केतन को रास्ते से हटाने का बनाया प्लान
केतन के पिता ने एफआईआर में आरोप लगाया कि सिया और चेतन ने उनके बेटे की हत्या का प्लान इसलिए बनाया क्योंकि वह दोनों के रिश्ते के बीच में आ गया था। केतन उसके साथ बाली इंडोनेशिया में प्री-वेडिंग शूट करने वाला था, लेकिन सिया की चालाकी की वजह से उनकी वह ट्रिप कैंसिल हो गई और बाद में उसकी खौफनाक साजिश की वजह से उसे अपनी जान गंवानी पड़ी।
रिपोर्ट के मुताबिक, केतन और उसके परिवार ने शादी और अन्य फंक्शन के लिए काफी पैसा खर्च करने का प्लान बनाया था। उन्होंने उदयपुर के एक शाही रिजॉर्ट को शादी के लिए बुक किया था । इसका अनुमानित खर्च करीब 5 करोड़ से 17 करोड़ के बीच होना था। इसके अलावा शादी के बाद भी विदेश यात्रा पर जाने का प्लान था।
केतन के परिवार ने कि न्याय की अपील
अपने युवा बेटे को खोने के बाद अग्रवाल परिवार अब सिया और चेतन को फांसी की सजा देने की मांग कर रहा है। शक्रवार को केतन के घर के पास के लोगों ने एक कैंडल मार्च निकालकर उसे श्रद्धांजलि दी। इस दौरान केतन के पिता ने भावुक अपील करते हुए कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि अपने बेटे की शादी कराने की कोशिश का अंत इस तरीके से होगा। मेरे 26 वर्षीय बेटे की बिना किसी कारण के हत्या कर दी गई है। आज तक हमें नहीं पता कि उसकी हत्या क्यों की गई है। मेरा बेटा किसी तरह से दोषी नहीं था। मैं अपने बेटे की शादी कराने और बहू लाने के लिए निकला था, मुझे नहीं पता था कि बेटा ही खोना पड़ जाएगा।"
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

