
भारत के साथ अमेरिका संबंध मजबूत करने का इच्छुक, उप विदेश मंत्री ने क्या कहा
रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए हूकर भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं। अगस्त में ट्रंप की ओर से भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ को दोगुना कर 50 प्रतिशत कर दिए जाने के बाद नई दिल्ली-वाशिंगटन के संबंधों में गिरावट आ रही है।
भारत दौरे पर आईं अमेरिकी उप विदेश मंत्री एलिसन हूकर और विदेश सचिव विक्रम मिसरी के बीच मंगलवार को बातचीत हुई। इसका मुख्य विषय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से फरवरी की बैठक में बताए गए नजरिए को प्रगति में तब्दील करना था। द्विपक्षीय रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए हूकर रविवार से भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं। अगस्त में ट्रंप की ओर से भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ को दोगुना कर 50 प्रतिशत कर दिए जाने के बाद नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच संबंधों में गिरावट आ रही है। इस शुल्क में भारत की ओर से रूसी कच्चे तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है।

ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों की ओर से नई दिल्ली की लगातार आलोचना से संबंधों में तनाव बढ़ गया है। हूकर की भारत यात्रा दोनों पक्षों की ओर से संबंधों को सुधारने के प्रयासों के बीच हो रही है। अमेरिकी दूतावास ने कहा कि उप विदेश मंत्री ने मिसरी को रक्षा, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और प्रमुख आपूर्ति शृंखलाओं के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने की ट्रंप प्रशासन की उत्सुकता से अवगत कराया। उन्होंने कहा, 'यह बैठक राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की फरवरी में हुई बातचीत में प्रस्तुत दृष्टि को ठोस प्रगति में बदलने का एक अवसर थी- ऐसी प्रगति जो अमेरिका की सुरक्षा, नौकरियों और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाती है। साथ ही भारत के दीर्घकालिक लक्ष्यों को भी समर्थन देती है।'
भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा
विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश कार्यालय परामर्श के ढांचे के तहत मिसरी और हूकर के बीच हुई बैठक ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की समग्र समीक्षा का अवसर प्रदान किया। मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। इनमें व्यापार और निवेश, रक्षा सहयोग, ऊर्जा सहयोग (जिसमें असैनिक परमाणु सहयोग भी शामिल है), प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिज, विश्वसनीय आपूर्ति शृंखलाएं और ट्रस्ट पहल शामिल हैं।



