
सिंधुदेश की मांग पर पाकिस्तान में बवाल, क्या भाजपा में जाएंगे अवध ओझा? टॉप 5 न्यूज
हिंसा में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सरकार ने पुलिस को निर्देश दिया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस गाड़ियों में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
पाकिस्तान में सिंधी संस्कृति दिवस के मौके पर अलग सिंधुदेश की मांग को लेकर निकाला गया आजादी मार्च चर्चा में आ गया है। हजारों प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद और सिंधुदेश आजादी के नारे लगाए हैं। वहीं दूसरी तरफ अवध ओझा ने भाजपा में शामिल होने के सवालों पर प्रतिक्रिया दी है। देश-दुनिया की पांच बड़ी खबरें पढ़िए लाइव हिन्दुस्तान के साथ:
सिंधुदेश की मांग को लेकर बवाल, चर्चा में राजनाथ सिंह का बयान, टूटेगा पाकिस्तान?
सिंधी संस्कृति दिवस के मौके पर कराची में अलग 'सिंधुदेश' की मांग को लेकर निकाला गया आजादी मार्च निकाला गया। जिये सिंध मुत्तहिदा महाज (JSMM) के नेतृत्व में हजारों प्रदर्शनकारियों ने 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' और 'सिंधुदेश आजादी' के नारे लगाए। पुलिस द्वारा रूट बदलने पर भड़की भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस झड़प में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए और कम से कम 45 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसी बीच भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पुराना बयान कि 'एक दिन सिंध फिर भारत में वापस आएगा' एक बार फिर सोशल मीडिया और पाकिस्तानी मीडिया में वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
क्या PM को CJI पर भरोसा नहीं? चुनाव सुधार पर चर्चा के बीच राहुल गांधी के 3 सवाल
लोकसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा के दौरान विरोधी दल के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को ‘वोट चोरी’ को सबसे बड़ा राष्ट्र विरोधी कृत्य करार दिया और आरोप लगाया कि सत्तापक्ष में बैठे लोग इस कृत्य को अंजाम दे रहे हैं और ‘आइडिया ऑफ इंडिया’ (भारत की अवधारणा) नष्ट कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान सत्तापक्ष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निर्वाचन आयोग तथा दूसरी संस्थाओं पर कब्जा करने का आरोप भी लगाया। पढ़ें पूरी खबर…
भारत के चावल पर ट्रंप की बुरी नजर; एक्सपर्ट बोले- एहसान नहीं कर रहा है अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में भारत से आने वाले चावल पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की धमकी दे दी है। ट्रंप ने अमेरिकी किसानों को लुभाने की कोशिश में एक बयान में कहा कि भारत को अमेरिकी बाजार में चावल नहीं डंप करना चाहिए और वह इस मामले से निपट लेंगे।अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान की विशेषज्ञों ने कड़ी आलोचना की है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि टैरिफ बढ़ाने से भारतीय निर्यात पर बहुत असर नहीं पड़ेगा, उल्टे अमेरिकी उपभोक्ताओं पर बोझ बढ़ जाएगा, क्योंकि अमेरिका में भारतीय चावल की मांग पूरी तरह उपभोक्ता की पसंद से तय होती है। पढ़ें पूरी खबर…
क्या भाजपा में जा सकते हैं? अवध ओझा ने दिया सीधा जवाब
हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) और राजनीति छोड़ने वाले मशहूर कोचिंग शिक्षक अवध ओझा ने कहा है कि वह दोबारा इसमें नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक कोई ऐसी ईश्वरीय इच्छा या आदेश ना हो जाए वह राजनीति से दूर ही रहेंगे। ओझा ने भाजपा में जाने की संभावनाओं को भी खारिज किया है। एक साल की पारी के बाद 2 दिसंबर को 'आप' और राजनीति को अलविदा कहने वाले अवध ओझा ने एक यूट्यूब पॉडकास्ट के दौरान आम आदमी पार्टी में जाने और छोड़ने की वजहों का खुलासा करते हुए कहा कि वह चुनाव लड़ने की इच्छा के तहत अरविंद केजरीवाल की पार्टी में गए थे और राजनीतिक के प्रैक्टिकल ज्ञान, होमवर्क में कमी की वजह से बाहर आ गए। पढ़ें पूरी खबर…
यात्री परेशान, गोवा नाइट क्लब के मालिक आग लगने के बाद इंडिगो फ्लाइट से कैसे भागे
गोवा के अर्पोरा गांव में स्थित नाइट क्लब बिर्च बाय रोमियो लेन में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के महज 5 घंटे बाद ही क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और उनके भाई गौरव लूथरा थाईलैंड भाग गए। गोवा पुलिस को रविवार रात 12:04 बजे आग लगने की पहली सूचना मिली थी। उस वक्त शनिवार की रात की पार्टी चल रही थी और क्लब में भारी भीड़ थी। लेकिन जैसे ही लूथरा भाइयों को घटना की खबर लगी, वे सुबह 5:30 बजे दिल्ली से फुकेत जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 1073 में सवार हो गए। फ्लाइट ट्रैकर के अनुसार, यह उड़ान रविवार सुबह करीब 11 बजे फुकेत पहुंच गई। पढ़ें पूरी खबर…





