GenZ प्रदर्शनकारियों से कैसे निपटें? कॉकरोच प्रोटेस्ट के बाद दिल्ली पुलिस की नई गाइडलाइंस
कॉकरोच प्रोटेस्ट के बाद दिल्ली पुलिस ने GenZ प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इसमें बताया गया है कि किसी प्रोटेस्ट के दौरान उन्हें आंदोलनकारियों के साथ किस तरीके से बात करनी चाहिए और कितनी बात करनी चाहिए।

Delhi Police new guidelines: कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के दौरान दिल्ली पुलिस को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है। पहले जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों के कई वीडियो वायरल हुए। उसके बाद 20 जुलाई को हुए 'संसद मार्च' के दौरान भी कैमरे पर पुलिसवालों की कुछ ऐसी हरकतें कैद हुई, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। लगातार होते GenZ आंदोलन और सोशल मीडिया, मीम्स के इस दौर में अब दिल्ली पुलिस को भी इनसे निपटने इनसे निपटने के लिए नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं। इसमें बताया गया है कि आखिर ऐसे आंदोलनों के दौरान पुलिसकर्मियों को सार्वजनिक रूप से कैसा व्यवहार करना है।
इंडियान एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन से सबक लेते हुए दिल्ली पुलिस को नई गाइडलाइंस दी गई हैं। इनमें कहा गया है कि किसी भी आंदोलन की स्थिति में वह प्रदर्शनकारियों से उलझे नहीं और न ही उनके सवालों का भावनात्मक रूप से जवाब दें। पुलिस से कहा गया है कि आपका (पुलिसकर्मियों) का गुस्सैल चेहरा ही उनके लिए कंटेंट है। वे आपसे लड़ नहीं रहे हैं, बल्कि वह एक तरीके की फिल्म बना रहे हैं, जिसमें वह चाहते हैं कि विलेन का रोल आप निभाएं। आप केवल उस रोल को निभाने से इनकार कर दें।
GenZ प्रदर्शनकारियों की चाल में न फंसे
जंतर-मंतर प्रोटेस्ट के दौरान ऐसी कई रील्स देखने को मिली थीं, जिसमें प्रदर्शनकारी पुलिस के साथ कंटेंट में दिखे थे। उनके जवाब और हल्का गु्स्सा लगातार सोशल मीडिया पर ट्रेंड हुआ था। अब इसको रोकने के लिए भी दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने गाइडलाइंस दी हैं। नए निर्देशों के मुताबिक दिल्ली पुलिस कर्मियों को चेतावनी दी गई है कि वह किसी भी तरह से सहानुभूति, गुस्सा या कोई साधारण प्रतिक्रिया दिलाने की उनकी (प्रदर्शनकारियों) की चाल में न फंसे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रदर्शनकारी कंटेंट बनाने के लिए, "जोर-जोर से रो सकते हैं। पुलिसकर्मियों के पैरों में गिर सकते हैं। या सहानुभूति या गु्स्सा दिलाने वाला कोई सवाल भी पूछ सकते हैं। ऐसे में किसी भी भावना में बहना नहीं है।"
प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने से बचें दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस के जवानों को सलाह दी गई है कि वह आंदोलन के दौरान प्रदर्शन करने वाले लोगों से सीधे बातचीत करने से बचें या किसी सवाल या बात पर सहमति न जताएं।
प्रदर्शनकारी अगर ज्यादा बात करने की कोशिश करें, तो क्या कहना है कि इसके बारे में भी इन गाइडलाइंस में जानकारी दी गई है। पुलिस कर्मियों को सलाह दी गई है कि अगर कोई ज्यादा बात करने की कोशिश करे, तो केवल इतना कहें, "कृपया सहयोग करें, हम अपनी ड्यूटी कर रहे हैं।" इसके अलावा कुछ भी नहीं कहना है। केवल चुप रहना है।
कॉकरोच प्रोटेस्ट में वायरल हुई थी दिल्ली पुलिस की काफी रील्स
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस के लिए यह गाइडलाइंस जंतर मंतर पर नीट-यूजी को लेकर हुए प्रोटेस्ट के बाद जारी की गई हैं। इस प्रोटेस्ट के दौरान कई मीम्स वायरल हुए थे। इसमें कुछ लोग पुलिसवालों से जेन जी स्लैंग में बात करते हुए नजर आ रहे थे। वहीं कुछ लोग पुलिसवालों के सामने रोते हुए नजर आ रहे थे। सोशल मीडिया पर इस तरह के कई वीडियो लगातार वायरल भी हुए थे।
प्रदर्शनकारी सुरक्षा में खड़े पुलिस वालों से लगातार बातचीत करने की कोशिश कर रहे थे और उन्हें रिकॉर्ड भी कर रहे थे। वह कभी उन्हें गुस्सा दिलाते, तो कभी अपनी हरकतों पर हंसाते हुए नजर आते थे।
इन्हीं सब वायरल मीम्स और दिल्ली पुलिस की छवि के लिए नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं। इसमें कहा गया है कि अगर पुलिसवाले शांत चेहरे के साथ खड़े रहते हैं, तो फिर उन्हें (प्रदर्शनकारियों को) कोई कंटेंट नहीं मिलता है। और फिर कोई विवादित या वायरल वीडियो भी नहीं बनती है। इसके अलावा पुलिसकर्मियों को यह भी सलाह दी गई है कि वे आक्रामक प्रतिक्रिया न दें, जैसे कि फोन को दूर धकेलना, चीजें छीनना या फेंकना या गुस्से में चिल्लाना। उन्हें किसी भी तरह के मजाक, हंसी-मजाक, गाने, डांस, नकली सलामी या दिखाए गए प्लेकार्ड पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए।

